बीना में रेलवे के कर्मचारी को गर्म सलाखों से दागा, पैर का नाखून उखाड़ा

बीना । रेलवे में ठेके पर बॉक्स बॉय (पेटीमैन) का काम करने वाले अनिल अहिरवार को आरोपित पिता-पुत्र ने कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा, लोहे की गर्म रॉड से जलाया, इतना सब होने के बाद भी उन्हें शांति नहीं मिली तो उन्होंने प्लास से पैर का नाखून उखाड़ दिया।bina news1 01 06 2018

शुक्रवार सुबह जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अधमरी हालत में कमरे से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। दोपहर बाद उसे मेडिकल कॉलेज सागर रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

नानक वार्ड निवासी अनिल पिता रामचरण अहिरवार रेलवे में ठेके पर बॉक्य बॉय का काम करता है। बीती रात 2 बजे नाइट ड्यूटी करने घर से रेलवे स्टेशन जा रहा था। रास्ते में उसे रामकिशन रजक, उनके बेटे भवानी, पट्टू और ऋ तिक पकड़कर अपने घर ले गए वहां बेसबॉल व डंडों से बेहरमी से पीटा।

बेहोश होने पर मकान की दूसरी मंजिल पर ले जाकर उसके हाथ पैर बांधकर तीन घंटे तक यातनाएं दी। उसे लोहे की गर्म रॉड से जलाया और प्लास से पैर का नाखून उखाड़ दिया।

आरोपितों ने खुद पुलिस को सूचना दी

शुक्रवार की सुबह आरोपितों ने स्वयं थाने जाकर पुलिस को जानकारी दी। आरोपित रामकिशन का कहना है कि अनिल मेरे घर में रात को बुरी नीयत से घुसा था। हम लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। उसे कमरे में बंद कर दिया। पुुलिस ने सुबह मौके पर जाकर युवक की हालत गंभीर देखकर उसे तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घायल अनिल की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित रामकिशन रजक, ऋतिक रजक, भवानी और पट्टा रजक के खिलाफ धारा 341, 342, 323, 294, 506, 34 व एससीएसटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद से सभी आरोपित फरार हैं।

Exit mobile version