विधानसभा चुनाव 2018

बाइक पर घूमने निकले थे, तभी फोन बजा टिकट मिल गई

हटा। ये हैं पीएल तंतुवाय। हटा से भाजपा प्रत्याशी। ये नया चेहरा हैं और 32 दिन पहले ही एसबीआई पन्ना से रिटायर्ड हुए हैं। शुक्रवार को पीएल बाजार घूमने निकले थे। तभी उन्हें किसी का फोन आया। पीएल ने बाइक साइड में लगाई और फोन रिसीव किया। सामने से आवाज आई कि आपको विधायक का टिकट मिला है। तैयारी कीजिए। फोन सुनकर पीएल हैरान थे, क्योंकि टिकट उन्होंने नहीं, उनकी पत्नी भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष रामकली तंतुवाय ने मांगा था। पीएल का नाम तो दूर-दूर तक नहीं था। टिकट की खबर से बेखबर रामकली उस वक्त घर की देहरी लीप रहीं थीं।

भाजपा के 176 प्रत्याशी घोषित करने के लिए चले मंथन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सर्वे को तवज्जो मिली। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और शिवराज की आधे घंटे की मुलाकात ने टिकट से जुड़े समीकरण बदल दिए। मुख्यमंत्री की ओर से शाह को भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद पहली सूची में अधिकतर नाम सीएम के सर्वे के आधार पर ही तय हुए। भोपाल की उत्तर व गोविंदपुरा, इंदौर की लगभग सभी सीटों और जबलपुर शहर की कुछ सीटों को लेकर उलझन है।

भोपाल की दोनों सीटों पर देर रात तक सहमति बनाने के प्रयास होते रहे। सूत्रों का कहना है कि गोविंदपुरा से दावेदार कृष्णा गौर ने दिल्ली से लौटे शिवराज से शुक्रवार देर शाम मुलाकात की। बाबूलाल गौर ने भी प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से बात की। कृष्णा ने संघ के कुछ नेताओं से भी संपर्क साधा, लेकिन बात नहीं बनी। संघ ने गोविंदपुरा से पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा का नाम आगे बढ़ाया है। जबकि महापौर आलोक शर्मा और कृष्णा को भोपाल उत्तर से लड़ने का सुझाव दिया गया है। हालांकि वे इसके लिए तैयार नहीं हैं।

Leave a Reply

Back to top button