कटनी। कोतवाली के खिरहनी फाटक क्षेत्र में अपनी पुत्री व पुत्र का कुल्हाड़ी के वार से बेरहमी पूर्वक कत्ल करने वाले आरोपी पिता को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिल गई है। आरोपी पिता को दमोह स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने मोहल्ले के चार युवकों से परेशान होकर वारदात को अंजाम देना बताया है।
आरोपी पिता का कहना था कि वह बच्चों को मारने के बाद खुद भी आत्महत्या करने वाला था। गौरतलब है कि खिरहनी फाटक क्षेत्र की नरेन्द्र गली में रहने वाले 40 वर्षीय बब्बा उर्फ राकेश निषाद कल सोमवार की सुबह लगभग 5 बजे सोते हुए अपने दो बच्चों क्रमशः 15 वर्षीय पुत्री कशिश तथा 11 वर्षीय पुत्र साहिल पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।
हमले के वक्त राकेश उर्फ बब्बा की पत्नी फूलमती बाई दूसरे कमरे में सो रही थी। आवाज सुन कर फूलमती इस कमरे में पहुंची तो यहां का मंजर खौफनाक था। कमरे में सो रही कशिश और साहिल खून से लथपथ पड़े थे, जबकि उसका पति राकेश हाथ में कुल्हाड़ी लिए इन पर दनादन वार कर रहा था। बेसुध पत्नी चीखी, आसपास पड़ोसियों के पास दौड़ी, इधर हैवान पिता बच्चों को मृत समझ कर भाग गया। इस मामले में पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद राकेश के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश में लग गई। जिसमें पुलिस को सोमवार की देरशाम ही सफलता मिल गई और आरोपी दमोह स्टेशन के पास मुखबिरोंं की सूचना पर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
नगर पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला व कोतवाली प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देश पर उपनिरीक्षक मनीषा सिंह, रंजीत सराठे, श्री टेमरे, प्रधान आरक्षक विजय विश्वकर्मा, आरक्षक रवीन्द्र दुबे, दीपक तिवारी, नितिन जायसवाल, त्रिलोकीनाथ यादव, श्रवण मिश्रा व नगर रक्षा समिति सदस्य विशाल रजक आरोपी को दमोह से पकड़ कर कटनी लाए।
इन पर लगाए परेशान करने के आरोप
गिरफ्तारी के बाद आज सुबह कोतवाली परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए आरोपी पिता राकेश निषाद ने क्षेत्र के ही रमन निषाद, पंचम निषाद, दीपू निषाद व दिन्ना निषाद पर परेशान व प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। राकेश का कहना है कि पिछले वर्ष दीपावली के समय उसका इनसे झगड़ा हुआ था। तभी से ये चारों युवक उसको परेशान व प्रताड़ित करते थे। यहां तक की उसका मोहल्ले में घर से निकलना तक मुश्किल हो गया था। इसलिए उसने बच्चों को मारने के बाद खुद भी मरने की योजना बनाई थी।
मिट्टी के तेल से सने थे कपड़े
कोतवाली प्रभारी शैलेष मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तारी के वक्त आरोपी राकेश निषाद के कपड़े मिट्टी के तेल से सने हुए थे। इस संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह बच्चों को मौत के घाट उतारने के बाद खुद भी आग लगाकर आत्महत्या करने वाला था लेकिन इसके पूर्व ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

