कटनी। जिला चिकित्सालय में प्रसव के बाद आईसीयू में स्वास्थ्य लाभ के दौरान एक नवजात की मौत के बाद आज सुबह परिजनों सहित क्षेत्रवासियों ने कोतवाली में जमकर हंगामा मचाया। नवजात के सिर में चोट के निशान दिखाते हुए परिजनों ने जिला चिकित्सालय के स्टाफ पर जमकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भी लोगों के आक्रोश को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में हासिल जानकारी के मुताबिक कोतवाली के प्रेमनगर क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय आशा बाई पति चुन्नू लाल केवट को गतदिवस प्रसव पीड़ा उठने पर डिलेवरी के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहां उसने प्रसव के बाद एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया था। बताया जाता है कि जन्म के बाद स्वास्थ्य अमले ने नवजात को आईसीयू वार्ड में भर्ती कर दिया और कुछ देर बाद आशा व उसके परिजनों को जानकारी दी कि उसके शिशु की मौत हो गई है। जिसके बाद सीधे साधे परिजन नवजात के शव को लेकर घर चले गए। जहां आज सुबह अंतिम संस्कार के पूर्व नवजात को देखा गया तो उसके सिर पर चोट के निशान देख परिजनों सहित क्षेत्रवासी दंग रह गए और नवजात के शव को लेकर कोतवाली पहुंच गए और जिला चिकित्सालय के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए नवजात का पीएम कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।