पुलिस कर्मी के घर डकैती के मामले में पुलिस के हाथ खाली

एक सप्ताह बाद भी नहीं लगा कोई सुराग
जबलपुर, मुनप्र। विगत रविवार की रात गोसलपुर थानांतर्गत स्टेशन रोड में रहने वाले गोविंद राजपूत मंडला में बतौर एएसआई पदस्थ हैं। वे मंडला में अपनीड्ïयूटी पर तैनात थे। इसी बीच रात करीब एक बजे आधा दर्जन करीब अज्ञात लोगों ने उनके घर पर चोरी की नीयत से धावा बोलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। गोविंद राजपूत की पत्नी और बेटे के साथ मारपीट भी की गयी थी। जिससे उन्हें चोटें आयी थीं और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। करीब आधार दर्जन डकैत जो चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए थे और हथियारों से भी लैस थे। इन लोगों ने घर के अंदर प्रवेश कर गोविन्द राजपूत की पत्नी राजेश्वरी और बेटे अंकित पर हमला कर दिया। इस संबंध में गोसलपुर थाना प्रभारी से संपर्क किया गया तो उनका कहना था कि घर के अंदर की आलमारी खुली हुई पायी गयी थी इसके अलावा भी बड़ी संख्या में डकैत माल लूटकर ले गये हैं। घटना के बाद से पुलिस लगातार डकैतों के सुराग लगाने में जुटी है लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली नजर आ रहे हैं। अभी तक डकैतों के संबंध में कोई सुराग पुलिस को नहीं लगे हैं। पुलिस की स्थानीय टीम के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम भी डकैतों के सुराग लगाने में जुटी है लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। बीते सप्ताह हुई इस घटना से आज भी पूरे क्षेत्र में अफरातफरी और दहशत का वातावरण निर्मित है। पुलिस अपने स्तर पर जांच पड़ताल तो कर रही है और पुलिस की टीमों को पतासाजी में लगाया गया है। लेकिन सफलता है कि हाथ नही लग रही।
कहीं गोसलपुर की इस डकैती का हश्र भी पूर्व में शहर और ग्रामीण अंचलों में हुई डकैतियों की घटना के जैसे न हो जिनके आज तक सुराग नहीं लग पाये हैं। गोसलपुर में हुई डकैती की इस वारदात से एक दिन पूर्व ही गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी के निर्माणाधीन मकान से भी करीब सत्तर हजार रुपए का बिजली का तार चोरी गया था और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिये गये थे। कुलमिलाकर एक तरफ जहां पुलिस अलर्ट नजर आ रही है वहीं दूसरी तरफ अपराधी अपराध करने से बाज नहीं आ रहे हैं।








