हत्या का प्रयास का मामला
जबलपुर, मुनप्र। गोरखपुर थानांतर्गत बीती रात एक युवक पर चार युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला बोल दिया। इन लोगों ने न केवल युवक के साथ मारपीट की बल्कि चाकू मारकर उसे घायल भी कर दिया। घटना की जानकारी लगने पर घायल युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय भिजवा गया था लेकिन ऐसी जानकारी लगी है कि घायल युवकको मेडिकल से किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है जबकि उसके तीन साथी अब भी फरार हैं। घटना के संबंध में अभय पांडे ने गोरखपुर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है कि बीती रात करीब साढ़े आठ बजे उनका बेटा रितिक पांडे हाथीताल मुक्तिधाम के पास मौजूद था। इसका पंकज सोनकर, विक्की सोनकर आदि से किसी बात को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है और पंकज तथा उसके साथी रंजिश पाले हुए थे और अभय को सबक सिखाने के मूड थे। बीती रात साढ़े आठ बजे पंकज सोनकर विक्की सोनकर दीपेश तिवारी और राकेश लोधी वहां पहुंच गये जहां रितिक मौजूद था। वहां पहुंचते ही इन लोगों ने पुरानी बात को लेकर गाली गलौज शुरू कर दी जिसका रितिक ने विरोध किया तो पहले तो उसे लात घूंसों से पीटा और बाद में चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। चाकू के हमले से अभय के जांघ और अन्य स्थान पर गंभीर चोट पहुंची है। हमला करनेके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में घटना की जानकारी घरवालों को लगने पर उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर बाकी फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश भी शुरू कर दी है। लेकिन अभी केवल राकेश लोधी ही पुलिस क ेहाथ लग पाया है। बाकी की तलाश पुलिस कर रही है।
