पुत्र ना होने के गम में महिला ने 5 बेटियों की हत्या के बाद की आत्महत्या

जयपुर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर के चौहटन में बुधवार देर शाम एक मां ने अपनी पांच बेटियों को पानी के टांके (छोटे तालाब) में धकेलने के बाद उसी में कूदकर आत्महत्या कर ली । जानकारी के मुताबिक सरकारी स्कूल में शिक्षक राणाराम की पत्नी रामहेती कोई बेटा नहीं होने के कारण अवसाद में रहती थी। रामहेती के पांच बेटियां थीं। इनमें सबसे बड़ी बेटी 13 साल की और सबसे छोटी चार साल की थी।
बेटा नहीं होने से अवसाद में चल रही रामहेती ने एक बार पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी । बुधवार को वह अपनी पांचों बेटियों को लेकर घर के पास बने पानी के टांके पर पहुंची और पहले एक-एक कर पांच बेटियों को पानी में धकेल दिया।और फिर उसने पानी में कूदकर आत्महत्या कर ली । पुलिस मामले की जांच कर रही है । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद इस मामले में अधिकारिक रूप से कहा जा सकेगा।







