पाटन के भाजपा प्रत्याशी अजय विश्नोई ने मांगी माफी , कहा दोबारा नहीं होगी गलती
जबलपुर। पाटन विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार व मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय विश्नोई में पाटन के मतदाताओं से अपने फ़ेसबुक पेज के माध्यम से एक वीडियो जारी कर, पिछले चुनाव में हुई गलतियों के लिए माफी मांगी। इतना ही नहीं उन्होंने वर्तमान विधायक को लाचार और बेचारा विधायक तक कह डाला। भाजपा शासन का हवाला देते हुए विकास करने का आश्वासन भी दे दिया। उन्होंने जनता से एक बार और मौका देने का अनुरोध किया है। फेसबुक पेज पर जारी इस वीडियो में बिश्नोई कहते हुए नजर आते हैं कि।
“पाटन विधानसभा क्षेत्र के मेरे मित्रों और नौजवान साथियों, आप मुझको जानते हैं भली-भांति पहचानते हैं। 25 सालों से आप मुझे जानते हैं, मुझे आपने काम करते हुए देखा है, विकास करते हुए देखा है, विकास करने की मेरी ललक को आप अच्छे से जानते हैं, मेरी क्षमताओं को आप जानते हैं, जब पहली बार आपने मुझे विधायक बनाया था तब कांग्रेस की सरकार थी। तब भी मैं मजबूर विधायक, लाचार विधायक नहीं था उस समय भी मैं मजबूत विधायक था और मैंने आपके क्षेत्र का विकास करके दिखाया। मित्रों पिछले चुनाव में आपने मुझे हरा दिया,गलती मेरी थी मैंने जिन कार्यकर्ताओं पर भरोसा किया, जिन कार्यकर्ताओं को मैंने आपकी समस्या सुनने की जिम्मेदारी दी उन्होंने गलतियां की। उन गलतियों को सुधारना है, दोबारा ऐसी गलती ना हो उसकी चिंता मुझे करना है। आप लोग मुझसे सीधे जुड़िए मेरे साथ जात पात की समस्या नहीं है। मैं आपके फ़ोन सुनता हूं, आप की मदद करता हूं आप जानते हैं कि मेरे एक फोन से आपकी मदद हो जाती है। क्षेत्र में बहुत सारे उत्साही नौजवान हैं उन नौजवानों की आंखों में सपने हैं और इन सपनों को कोई “लाचार यह बेचारा विधायक” पूरा नहीं कर सकता उसके लिए एक मजबूत सहारा चाहिए। और वह मजबूत सहारा मैं आपको दे सकता हूं बशर्ते आप मुझे मजबूत बनाएं। आइए पुरानी गलतियों को भुलाकर क्षेत्र को लाचारी और बेचारगी से निकाल कर विकासशील बनाएं। और यह काम आपका वोट कर सकता है। आप मुझसे जुड़ें, भारतीय जनता पार्टी से जुड़े और पाटन क्षेत्र को विकासशील बनाएं