Friday, April 24, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

डेढ़ करोड़ के शोरूम में किशोरदा का मंदिर, इस वजह से आज कटेगा 12 बार केक

इंदौर। हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार को गुजरे यूं तो 31 साल का लंबा अरसा बीत चुका है, मगर उनके चाहने वालों की तादाद दिनों दिन बढ़ती जा रही है। दुनियाभर में फैले उनके चाहने वाले के दिलों में आज भी यह मस्तमौला कलाकार जिंदा है। ऐसे ही करीब 44 साल से किशोरदा के गाने गाकर अलहदा पहचान बनाने वाले 62 वर्षीय श्रीचंद सचदेव जेलरोड के नजदीक खातीपुरा में करीब डेढ़ करोड़ रुपए के अपने घड़ी के शोरूम ‘सोनिया टाइम्स” के 16 बाय 8 फीट के हॉल में किशोर कुमार का मंदिर बना रहे हैं।

वे बताते हैं कि मैंने पहली बार स्कूल में ‘साला मैं तो साहब बन गया” गाना गाया था। जिसे लोगों ने इतना पसंद किया कि तबसे मैं किशोर कुमार का भक्त बन गया। उनके लिए मंदिर बनाने की चाह कई बरसों से थी, मगर हर बार कुछ न कुछ अड़चन आ जाती थी। पिछली बार भी मनचाही मूर्ति न मिलने के कारण मामला टल गया था मगर इस बार मैंने मूर्ति का इंतजार करने के बजाय किशोरदा के फोटोग्राफ्स की पूजा कर सुबह-शाम आरती शुरू कर दी है। जल्द ही यहां मूर्ति भी स्थापित कर दी जाएगी।

आज 12 बार कटेगा केक –

रोजाना सुबह-शाम किशोरदा के ‘आ चल के तुझे मैं ले के चलूं” और ‘प्यार बांटते चलो” जैसे गीतों के साथ आरती भी की जाएगी। मंदिर तमाम सुरप्रेमियों के लिए सुबह से शाम तक खुला रहेगा। 4 अगस्त को जयंती के दिन 12 घंटे तक लगातार किशोर कुमार के गीतों का कार्यक्रम चलेगा। जिसमें 101 गीतों की प्रस्तुति के दौरान 12 बार केक काटे जाएंगे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply