katniमध्यप्रदेश

स्वामित्व योजना के काम से विरत पटवारियों पर कार्रवाई के विरोध में संघ मुखर 24 घंटे बाद भी निलंबन और वेतन वृद्धि रोकने के आदेश वापस नहीं, आज से ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का ऐलान

स्वामित्व योजना के काम से विरत पटवारियों पर कार्रवाई के विरोध में संघ मुखर

24 घंटे बाद भी निलंबन और वेतन वृद्धि रोकने के आदेश वापस नहीं, आज से ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का ऐला

कटनी। स्वामित्व योजना के कार्य से विरत रहने पर पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन एवं वेतन वृद्धि को संचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ, जिला कटनी ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में संघ पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों और पटवारी संवर्ग से जुड़े मुद्दों पर संगठन का पक्ष रखा।

संघ ने कहा कि पटवारी संवर्ग स्वामित्व योजना के उद्देश्य के खिलाफ नहीं है, लेकिन योजना के तहत पटवारियों को ई-केवाईसी, पंजीयन सहित व्यक्तिगत दायित्व वाले कार्य सौंपे जाने से कानूनी एवं व्यावहारिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इसी के चलते प्रदेश संगठन के निर्णय के अनुसार पटवारी इन कार्यों से विरत हैं।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार कटनी जिले में स्वामित्व योजना का कार्य नहीं करने पर कुछ पटवारियों के खिलाफ निलंबन और वेतन वृद्धि को संचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की गई है। इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन देकर कार्रवाई वापस लेने की मांग की गई थी, लेकिन 24 घंटे बाद भी आदेश निरस्त नहीं किए गए।

आज से ऑनलाइन कार्यों से विरत रहेंगे पटवारी

संघ ने घोषणा की कि कार्रवाई वापस नहीं लिए जाने के विरोध में 4 अक्टूबर से कटनी जिले में पटवारी ऑनलाइन माध्यम से संपादित होने वाले समस्त कार्यों से विरत रहेंगे। संघ ने कहा कि आमजन, किसान और ग्रामीणों को होने वाली असुविधा के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। हालांकि संघ ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य आमजन या किसानों को परेशान करना नहीं है और मांगों का समाधान होते ही कार्य व्यवस्था सामान्य करने पर निर्णय लिया जाएगा।

Farmer ID और Geo-Tag गिरदावरी पर भी जताई आपत्ति

संघ ने Farmer ID निर्माण में पटवारियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित समय में बड़ी संख्या में Farmer ID तैयार की गई हैं। शेष कार्य तकनीकी समस्याओं के निराकरण के साथ सतत प्रक्रिया के रूप में जारी रह सकता है। तकनीकी दिक्कतों के बीच पटवारियों पर अनावश्यक दबाव या कार्रवाई उचित नहीं है। संघ ने ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है।

Geo-Tag गिरदावरी को लेकर भी संघ ने व्यावहारिक कठिनाइयों का मुद्दा उठाया। हाल ही में गिरदावरी के दौरान एक स्थानीय युवा की मृत्यु की घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए संघ ने व्यवस्था में आवश्यक सुधार होने तक इस कार्य से विरत रहने की बात कही।

वेतन विसंगति और कैडर रिव्यू का मुद्दा भी उठाया

पटवारी संघ ने वेतन विसंगति, ग्रेड-पे, कैडर रिव्यू, पदोन्नति समेत लंबित सेवा संबंधी मांगों का स्थायी निराकरण करने की मांग की। संघ का कहना है कि मूल सेवा समस्याओं का समाधान किए बिना लगातार नए तकनीकी एवं प्रशासनिक दायित्व पटवारियों पर डाले जा रहे हैं।

संघ ने शासन और जिला प्रशासन से स्वामित्व योजना के कार्य से विरत रहने पर की गई निलंबन एवं वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई तत्काल वापस लेने तथा लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी गई।

पत्रकार वार्ता में पटवारी संघ अध्यक्ष दादूराम पटेल, मोहम्मद नासिर, राजेश दुबे, प्रकाश गुप्ता, देवेंद्र भगत, तेजभान पाल, पवन पटेल, दुर्गा शुभेद्र तिवारी, मोहम्मद इमरान, संजीत धुर्वे, पुनीत अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Back to top button