ठाणे में 5 मंजिला इमारत का स्लैब गिरने से 7 की मौत, कई दबे
Top News Today 29 May 2021: ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में एक पांच मंजिला इमारत का स्लैब गिरने से 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा चार से पांच अन्य लोग इसमें फंसे हुए हैं।
इस इलाके में एक महीने के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। रिजनल डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि नेहरू चौक पर साई सिद्धि बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल का स्लैब गिर गया। अब तक छह शव निकाले जा चुके हैं।
चार से पांच लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं। दमकल सेवा और पुलिस के जवान राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
भारतवंशी को अमेरिका में तीन साल की जेल
वाशिंगटन : अमेरिका की एक अदालत ने टेलीमार्केटिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले भारतीय मूल के 34 वर्षीय हिमांशु असरी को तीन साल की सजा सुनाई है। न्याय विभाग के अनुसार मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हिमांशु ने पूर्व में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। तीन साल की सजा पूरी होने के बाद उसे तीन साल संघीय निगरानी में रखा जाएगा। हिमांशु को उसके बाद निर्वासन की प्रक्रिया से भी गुजरना पड़ सकता है।
पाक में घायल पत्रकार को हमले में आइएसआइ पर शक
इस्लामाबाद : पाकिस्तान में पिछले दिनों जानलेवा हमले में घायल हुए पत्रकार असद अली तूर ने अपने ऊपर हुए हमले में आइएसआइ का हाथ होने की बात कही है। पत्रकार सेना के कारनामों को उजागर करता रहा है। तूर पर उस समय हमला किया गया था, जब वह घर में था।