ज्ञानसेतु बना 146 विद्यालयों के स्मार्ट टीचर
कटनी। शिक्षकों की कमी है, यह समस्या सब बतलाते हैं। लेकिन कटनी जिले ने इस समस्या के समाधान के लिये कार्य किया। जिसके चलते जिले का प्रयास प्रदेश के अन्य जिलों के लिये उदाहरण बन चुका है।
यह संभव हुआ है जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभ किये गये एसीसी ज्ञानसेतु प्रोजेक्ट से। जिसने जिले में संचालित शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिये शैक्षणिक सत्र 2017-18 में उनकी पढ़ाई में अहम भूमिका अदा की है। एसीसी ज्ञानसेतु प्रोजेक्ट यह उन विद्यार्थियों के लिये एक एैसा अहम जरिया बना है, जहां विद्यालयों में विषय विशेष के शिक्षकों की कमी, उनकी शिक्षा में बाधा बन रही थी।
कलेक्टर विशेष गढ़पाले के कॉन्सेप्ट और निर्देश पर इस दिशा में कार्य किया गया। जिसके सार्थक परिणाम सामने आये। सीएसआर एक्टिविटी के तहत कैमोर में संचालित एसीसी सीमेन्ट फैक्ट्री ने इस नवाचारी प्रयास में अपना सहयोग दिया।
जिसके माध्यम से एसीसी द्वारा संचालित विद्यालयों के शिक्षकों ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विज्ञान और गणित संकाय के विषयों का वीडियो लैक्चर तैयार किया। गुणवत्तापूर्ण ये वीडियो लैक्चर जिले के 146 हाई व हायर सेकेण्डरी स्कूलों के लिये स्मार्ट टीचर के रुप में सामने आये।
ज्ञानसेतु प्रोजेक्ट के तहत जिले के लगभग सभी हाई स्कूल व हायर सेकेण्डरी स्कूलों में एलईडी टीव्ही व कुछ स्कूलों में तो प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो क्लासेस विद्यार्थियों ने अटेन्ड की।
जिससे उन्हें शिक्षकों की कमी भी महसूस नहीं हुई। विद्यार्थियों ने स्वयं वीडियो लैक्चर्स को बार-बार रिपीट करके अपना रिवीजन भी किया। इस तरह जिले के 146 विद्यालयों के 46 हजार 675 विद्यार्थियों के लिये कलेक्टर द्वारा किया गया यह प्रयास ज्ञानपुंज के रुप में विकसित हुआ है।

