जब सुहास भगत ने लगाई अभिलाष को फटकार, कहा- मुझे पता है किस जिले में क्या हुआ

राजनीतिक डेस्क। भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक में मोर्चा के कामकाज को लेकर पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे को फटकार लगाई। पांडे जब जिलों का प्रेजेंटेशन दे रहे थे तो संगठन महामंत्री भगत ने उन्हें टोकते हुए कहा कि मुझे मालूम है, किस जिले ने कैसा काम किया है। आगे से ऐसा नहीं होना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक पंचायत चलो अभियान में सिर्फ दस जिलों का काम ही ठीक पाया गया, बाकी सभी जिलों को कामकाज सुधारने और सक्रियता बढ़ाने की नसीहत दी गई।
कमलनाथ के क्षेत्र में युवा मोर्चा करेगा बड़ी सभा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के लोकसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा में युवा मोर्चा बड़ी सभा करने की तैयारी कर रहा है। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे बाइक रैली के दौरान आगर मालवा से छिंदवाड़ा तक यात्रा करेंगे। यात्रा के समापन पर छिंदवाड़ा में बड़ी सभा भी होगी।
गांव में रात्रि विश्राम करें कार्यकर्ता
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने बैठक में कहा कि युवा मोर्चा गांवों में जाकर रात्रि विश्राम करें और लोगों से संवाद स्थापित करें। युवा मोर्चा विधानसभा चुनाव में 200 से ज्यादा विधानसभा सीट जीतने के काम में लग जाए। भाजपा को युवा मोर्चा से बहुत उम्मीदें हैं।








