जबलपुर में कल से बाजारों में वाहनों की नो एंट्री

जबलपुर। दीपावली की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी है। इसे दे ाते हुए 16 अक्टूबर से बाजारों में वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। इससे लार्डगंज, अंधेरदेव, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, कमानिया के साथ शहर के सभी प्रमुख बाजारों में जाम के हालात नहीं बन पाएंगे। यातायात पुलिस के साथ संबंधित थानों की पुलिस भी सुचारू यातायात बनाए रखने में जुटी है। डीएसपी मनोज खत्री ने बताया कि फोर व्हीलर और तीन पहिया वाहनों के पार्किंग स्थलों में ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए बाजारों के आसपास पुलिस स्थान चिन्हित कर रही है। यातायात पुलिस ने बाजारों से कुछ दूरी पर खाली स्थान को पार्किंग के लिए चयनित किया है। त्योहार के दौरान यहीं पर चार पहिया वाहन पार्क कराए जाएंगे। बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोग अपने वाहनों को दुकानों के बाहर बेतरतीब तरीके से सड़क पर खड़ा कर देते हैं। एक व्यक्ति की देखा-देखी अन्य लोग भी सड़कों पर अपने वाहन खड़े कर खरीदारी करने चले जाते हैं। इससे जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने व्यापारियों को दुकानों के सामने व्यवस्थित तरीके से ही वाहन खड़े कराने की हिदायत दी है। साथ ही ऐसा नहीं कराने पर संबंधित दुकान संचालक पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
इन 4 स्थानों पर बनाई पार्किंग
यातायात पुलिस ने गोलबाजार, श्रीनाथ की तलैया, तिलक भूमि की तलैया और अंजुमन स्कूल को पार्किंग स्थल बनाया है। यह व्यवस्था धनतेरस के एक दिन पहले से शुरू हो जाएगी।
उचित किराए पर मिलेगा ई-रिक्शा
चारों पार्किंग के बाहर ई-रिक्शा की व्यवस्था की जाएगी। इनका किराया भी तय किया जाएगा। खरीदार पार्किंग में वाहन पार्क करने के बाद ई-रिक्शा से बाजार के अंदर जा सकेंगे। ई-रिक्शा के लिए यातायात पुलिस ने नगर निगम से बात कर ली है। पुलिस के मुताबिक बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए यदि कोई सामाजिक संगठन ई-रिक्शा निःशुल्क चलवाना चाहे तो यातायात पुलिस उसका पूरा सहयोग करेगी।