जबलपुर के बरेला में अनियंत्रित होकर घर मे घुसा ट्रक

जबलपुर. जबलपुर के बरेला में आज शनिवार को उस वक्त भगदड़ व चीख पुकार मच गई, जब लोहे के सरिया लेकर आ रहा मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर घर में घुस गया।
हादसे में ट्रक चालक को चोटें आई, वहीं सड़क किनारे घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घायल चालक को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर चालक की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है।
बताया गया है कि रायपुर (छग) से लोहे के सरिया लादकर मिनीट्रक का चालक जबलपुर के लिए रवाना हुआ।
चालक जब बरेला के शारदा मंदिर की ओर बढ़ रहा था, इस दौरान ट्रक का ब्रेक व स्टेयरिंग फेल हो गया, जब तक वह सम्हलता ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घर में घुस गया।
जिससे घर के सामने का हिस्सा व कमरा धराशायी हो गया,वहीं परिजनों में चीख पुकार व भगदड़ मच गई, लोहे के सरिया घर पर गिर गए. दुघर्टना होते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कुछ लोगों ने जाकर देखा तो चालक ट्रक में ही घायल हालत में फंसा रहा, किसी तरह चालक को बाहर निकाला, उस वक्त मंदिर में ड्यूटी कर रही पुलिस भी पहुंच गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया.
बताया जाता है कि मिनी ट्रक का स्टेयरिंग व ब्रेक फेल होने के बाद ही चालक ने गेट खोलकर मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं को आवाज लगाकर हटने के लिए कहा तो श्रद्धालुओं में भी भगदड़ मच गई थी. लोगों ने देखा कि ट्रक लहराते हुए आगे की ओर बढ़ रहा है और सड़क किनारे घर में घुस गया.








