जबलपुर की मुस्कान एशियन तीरंदाजी की भारतीय टीम में

जबलपुर। प्रतिभाशाली तीरंदाज जबलपुर की मुस्कान किरार भारतीय तीरंदाजी टीम में चुनी गई हैं। प्रदेश से वे एकमात्र तीरंदाज हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। वे महिलाओं की कंपाउंड वर्ग 50 मीटर इवेंट में अपना जौहर दिखाएंगी।
सोनीपत (हरियाणा) में 28 व 29 अक्टूबर को आयोजित चयन ट्रायल के आधार पर मुस्कान का चयन भारतीय दल में हुआ। हालांकि ट्रायल में मप्र से तीन खिलाड़ियों ने भाग लिया था। वे इससे पूर्व चाइनीज ताइपे में खेले गए एशिया कप तीरंदाजी में भाग ले चुकी हैं।
भारतीय टीम ढाका में 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित 20वीं एशियन तीरंदाजी स्पर्धा में भाग लेगी। भारत का 16 सदस्यीय महिला व पुरुष दल इसमें भाग लेगा। मुस्कान को पिछले साल ही रानीताल खेल परिसर स्थित मप्र राज्य तीरंदाजी अकादमी में प्रवेश मिला था और महज एक साल में ही अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज बन गईं। वे कोच रिचपाल सिंह सलारिया के मार्गदर्शन में अभ्यासरत हैं।
बेटी के लिए पिता ने निभाया फर्ज
कक्षा 12वीं में अध्ययनरत 17 वर्षीय मुस्कान के पिता वीरेन्द्र किरार गुरंदी बाजार में एक निजी दुकान चलाते हैं और मामूली सी आय में परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इसके बावजूद मुस्कान की तीरंदाजी के प्रति रुचि को देखते हुए उसे अभ्यास के लिए हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराते रहे। दो बहनों और एक भाई के बीच मुस्कान सबसे बड़ी है। दिलचस्प है कि मुस्कान की छोटी बहन भी राज्य तीरंदाजी अकादमी में अभ्यास करती है। जो अभी 13 साल की है। अकादमी की नियमित खिलाड़ी मुस्कान हर दिन करीब चार घंटे अभ्यास करती हैं।