छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा सहित जिले के कई हिस्सों में बुधवार की दोपहर करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इस दौरान रैयतवाड़ी गांव में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी झुलस गए।
परासिया पुलिस के मुताबिक रैयतवाड़ी गांव की निवासी यशोदाबाई धुर्वे (35), उसका पति जगदीश धुर्वे, पड़ोसन बट्टीबाई परतेती और संध्या परतेती खेत में काम कर रही थीं।
बारिश शुरू होने पर वे चारों घर लौट रहे थे। तभी एक पेड़ के पास बिजली गिरने से वे चारों उसकी चपेट में आ गए। जिससे यशोदाबाई की मौत हो गई, जबकि जगदीश, संध्या और बट्टीबाई झुलस गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इन क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश
छिंदवाड़ा शहर सहित तामिया, बिछुआ, चौरई आदि ब्लाकों में अच्छी बारिश हुई है। छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल परिसर में पानी घुस गया। जिससे वहां लोगों को परेशानी हुई। कई जगह बिजली गुल हो गई थी।

