चोर चुस्त पुलिस सुस्तः सेंध लगा कर मोबाइल दुकान में हजारों की चोरी

जबलपुर। बीती रात बेलखाडू पुलिस चौकी से चंद कदम दूर अज्ञात चोर एक दुकान में सेंध लगा कर हजारों के मोबाइल एवं नगदी पार कर फरार हो गये। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर अज्ञात चोरों के विरूद्ध चोरी का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि समीपी ग्राम झगरा निवासी निक्की पटेल की बेलखाडू स्टेट बैंक के पास एक मोबाइल की दुकान है बीती रात उन्होंने अपनी दुकान बंद कर घर चले गये आज सुबह जब वह बेलखाडू स्थितअपनी दुकान खोलने आये तो अंदर रखा सामान बिखरा हुआ पड़ा था जब दुकान मालिक ने अंदर घुस कर देखा तो वहां रखे 10 कीमती मोबाइल ,मेमोरी कार्ड एवं नगदी चार हजार रूपये मौके से गायब िमले। पीड़ित द्वारा इस घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई है। उल्लेखनीय है कि बेलखाडू में यह एक माह के भीतर चोरी की दूसरी घटना है।
जहां एक शो रूम मे अज्ञात चोरों ने धावा बोल कर चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी थी इसके बाद भी बेलखाडुू पुलिस की सुस्त व्यवस्था से पुनः बीती रात अज्ञात चोरों ने मोबाइल दुकान में धावा बोला और मोबाइल एवं नगदी सहित हजारों का माल पार कर मौके से फरार हो गये। वहीं इस संबंध में सूत्रों ने बताया कि बेलखाडू पुलिस की रात्रि कालीन गस्त एक दम सुस्त पड़ी हुई है जिससे रात होते ही चोर उचक्कोंं की धमाचौकड़ी शुरू हो जाती है।
उक्त पुलिस चौकी के तो कभी-कभी ऐसे हालत भी रात को देखने को मिले है कि चैनल गेट में ताला लटका मिलता है। अब इस तरह के हालातों मे पीड़ित अपनी फरियाद लेकर कहां जाये। इसके पूर्व बोरिया ग्राम में भी एक आभूषण दुकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोला जिसमे अभी तक पुलिस के हांथ खाली है। इस तरह सेआये दिन हो रही वारदातों से पुलिस का चाबुक एक दम ढीला होने से चोर सक्रिय है और पुलिस सांप निकलने के बाद लाठी पीटती रहती है।








