jabalpur

गोसलपुर डकैती कांड में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली

एक टीम होशंगाबाद रवाना तो स्थानीय स्तर पर भी सक्रिय हैं पुलिस की टीमें
जबलपुर, मुनप्र। गोसलपुर में एएसआई के यहां डकैती डालने वालों को अब तक सुराग नहीं लग सका है। उल्लेखनीय है कि एएसआई गोविन्द राजपूत के मकान में रविवार की रात करीब ढाई बजे आधा दर्जन हथियारबंद डकैतों ने धावा बोलकर करीब आधे घंटे तक उत्पात मचाया। डकैतों ने पहले एएसआई के बड़े बेटे को कमरे में बंद किया फिर उसकी पत्नी राजेश्वरी व छोटे पुत्र अंकित के कमरे में पहुंचकर कंबल खींचकर दोनों को जगाया। एक बदमाश ने राजेश्वरी का मंगलसूत्र तोड़ा, नाक कान के जेवरों को नोंचा और करीब आधे घंटे तक उत्पात मचाने के बाद माल लेकर रफूचक्कर हो गये। पुलिस कर्मी के घर हुई डकैती के इस मामले में अभी तक पुलिस जांच में तो जुटी है लेकिन फिलहाल उसके हाथ खाली ही नजर आ रहे हैं। वहीं इस घटना से आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। इस संबंध में जब आज थाना प्रभारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मामले को गंभीरता से लेकर न केवल जांच पड़ताल की जा रही है बल्कि एक टीम होशंगाबाद के लिए रवाना की गयी है। जबकि स्थानीय स्तर पर क्राइम ब्रांच की टीम भी डकैतों के सुराग लगाने में जुटी हुई है। एसडीओपी भावना तिवारी के मुताबिक घटना में घायल हुई महिला राजेश्वरी की हालत अब सामान्य है जबकि बेटा अंकित भी खतरे से बाहर है। स्थानीय स्तर पर पुलिस सिहोरा से लेकर गोसलपुर और आसपास के गांवों में डेरा डालने वालों पर भी शिकंजा कसकर पतासाजी करने में जुटी है। एसडीओपी भावना तिवारी के मुताबिक घटना के आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैेें जिनके आधार पर पुलिस कार्यवाही करने में जुटी है। यहां उल्लेखनीय है कि गोविंद राजपूत मंडला में बतौर एएसआई पदस्थ हैं और घटना वाली रात वे मंडला में ही थे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply