मध्यप्रदेश

गर्मी से मचा हाहाकार, MP में 9 साल बाद अप्रैल में ही पारा पहुंचा 44 डिग्री

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार गर्मी के तेवर अप्रैल माह में बीते वषरें के मुकाबले तल्ख हैं. वर्ष 2009 के बाद इस साल अप्रैल माह में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. राज्य में शुक्रवार की सुबह से खिली धूप चुभन पैदा कर रही है, गर्मी का जनजीवन पर भी असर पड़ा है.

मौसम विभाग के अनुसार, एक तरफ जहां अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है. यही कारण है कि, रातें भी अब गर्म हो चली हैं. राज्य में इस बार अप्रैल माह में बीते नौ साल बाद सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है.

मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अप्रैल 2009 को 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, वहीं इस बार 18 व 19 अप्रैल को ही तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं, प्रदेश में सबसे गर्म दिन 29 अप्रैल 1996 को रहा था जब तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में गर्मी का असर बना रहेगा. बीते 24 घंटों में मंडला जिला सबसे गर्म रहा जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं 18 अप्रैल को खजुराहो का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

राज्य में शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री, इंदौर का 22.6 डिग्री, ग्वालियर का 23.3 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

 वहीं, गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री, इंदौर का 40 डिग्री, ग्वालियर का 41.6 डिग्री और जबलपुर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा.

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply