खिरहनी पुलिस चौकी के समीप दिनदहाड़े घटित हुई थी वारदात
कटनी। कोतवाली क्षेत्र की खिरहनी पुलिस चौकी के समीप चोरी की नियत से घुसे बदमाशों के द्धारा घर पर अकेली वृद्ध महिला पर किए गए हमले के मामले में पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा सकी है। वारदात कल बुधवार की दोपहर डेढ़ बजे से 4 बजे के बीच घटित हुई थी। वारदात की जानकारी तब पता चली जब महिला का बेटा घर वापस लौटकर आया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी की नियत से घुसने और मारपीट करने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं है। पुलिस ने बताया कि बरही रोड निवासी 72 वर्षीय प्रमिला पति गणेश शर्मा कल बुधवार की दोपहर घर पर अकेली थी।
उसका बेटा सुबोध शर्मा बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के बाहर से ताला लगाकर किसी कार्य से निकला था। साढ़े चार बजे जब वह घर वापस आया तो घर के अंदर का पूरा सामान फैला हुआ था और उसकी मां लहुलुहान हालत में पड़ी हुई थी। जिसके बाद उसके द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

