खटिया सहित आग में जलकर खाक हुई विवाहिता, मायकेपक्ष का जिंदा जलाने का आरोप

कटनी। स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम अमोच में करवाचौथ की रात एक विवाहिता के खटिया(निवार का पलंग) सहित जलकर राख होने की घटना प्रकाश में आई है। रविवार सुबह विवाहिता की शतप्रतिशत जली लाश उसके घर पर मिली। सूचना पर पहुंची स्लीमनाबाद पुलिस और एफएसएल की टीम ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने जांच के बाद महिला की हत्या की आशंका जताई है। वहीं मायके पक्ष ने भी पति सहित ससुराल पक्ष पर विवाहिता को खटिया से बांधकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। लाश के बुरी तरह जल जाने की वजह से पंचनामा कार्रवाई के बाद उसको जबलपुर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के संबंध में स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम पटना उमरिया निवासी 40 वर्षीय दुज्जो का विवाह ग्राम अमोच निवासी सुमेरा काछी के पुत्र सीताराम हल्दकर के साथ हुआ था। दुज्जो की मौत की खबर पाकर जिला चिकित्सालय पहुंचे उसके पिता बिहारी लाल काछी ने बताया कि ससुर, जिठानी और जेठ के तीन पुत्र दुज्जो के नाम का मकान अपने नाम करने की धमकी देते थे। न देने पर जान से खत्म करने की बात पुत्री कई बार बता चुकी थी। मकान नाम पर न करने के कारण महिला के पति सीताराम और ससुर सुमेरा काछी तथा जेठ के पुत्रों लालजी, भागीरथ पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने ही उसकी बेटी की हत्या गला दबाकर करने के बाद पलंग में लिटाकर आग लगा दी है। मृतका के पिता एवं परिजनों ने महिला के पति और ससुर पर आरोप लगाए हैं कि बेटी के पति सीताराम और ससुर सौमेरा काछी कई वर्ष से प्रताड़ित कर मारपीट करते थे। जिसके चलते महिला अपने देवर के घर पर रहने लगी थी।
जबलपुर में हुआ शव का पीएम
स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि घटना की जानकारी कोटवार ने बताई। जानकारी मिलते ही तुरंत टीम घटनास्थल के लिए भेजी। वहां का मौका पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए स्लीमनाबाद लेकर आए। जहां पर डॉक्टरों ने शव का परीक्षण किया और शव के पूरी तरह से जल जाने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो पाएगा। जिसका जबलपुर में पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेजा गया है। घटना जांच चल रही है। मृतिका के परिजनों के बयान लिए जाएंगे जिसके बाद वारदात में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version