केंद्रीय मंत्रियों व शीर्ष अफसरों को कल से काम पर लौटने का निर्देश

नई दिल्ली। कोरोना संकट की वजह से जारी लॉकडाउन की अवधि भले ही बढ़ने जा रही हो, लेकिन अर्थव्यवस्था को गति देने का काम शुरू होने जा रहा है। सभी मंत्रालयों को ठप पड़ी आर्थिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने के लिए नए सिरे से योजना बनाने के लिए कहा गया है। शनिवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक के बाद सभी केंद्रीय मंत्रियों को सोमवार से मंत्रालय का कामकाज फिर से शुरू करने के लिए कहा गया।

संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों को भी सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करते हुए दफ्तर आने के निर्देश

सूत्रों के मुताबिक सरकार की तरफ से जारी निर्देश के मुताबिक सभी मंत्रियों के साथ संयुक्त सचिव एवं उनसे ऊपर के सभी अफसरों को भी सोमवार से मंत्रालय में अपने काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। सभी मंत्रालयों में एक तिहाई आवश्यक कर्मचारियों को भी काम पर आने के लिए कहा गया है ताकि सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों कापालन करने के साथ मंत्रालय का कामकाज फिर से शुरू किया जा सके।

सूत्रों के मुताबिक मंत्रालयों के खुलने के बावजूद बाहरी लोगों का प्रवेश मंत्रालय और सरकारी विभागों में वर्जित होगा। सूत्रों के मुताबिक लॉकडाउन को चरणबद्ध तरीके से या पूरी तरह से खोलने पर बिल्कुल नए माहौल में आर्थिक गतिविधियों को प्रारंभ करना होगा और इसकी तैयारी पहले से रहनी चाहिए। इसके मद्देनजर ही सभी मंत्रियों को मंत्रालय में लौटने का निर्देश दिया गया है ताकि वे अपने अपने महकमे का प्लान इस चुनौती के समय प्रभावी तरीके से शुरू कर सकें।

Exit mobile version