PM Modi First Cabinet Meeting: प्रवचन ना दें, जरूरी हो तभी बोलें…पहली कैबिनेट मीटिंग में पीएम मोदी ने मंत्रियों को क्यों दी ये नसीहत
PM Modi First Cabinet Meeting: प्रवचन ना दें, जरूरी हो तभी बोलें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली कैबिनेट मीटिंग में ही सभी मंत्रियों की क्लास लगा दी. उन्होंने कहा कि यहां से जाने के बाद कोई भी मंत्री प्रवचन ना करे. इसी के साथ कहा कि यदि किसी मंत्री को बयान देना भी हो तो केवल अपने विभाग से संबंधित ही बयान दे. उन्होंने कहा कि किसी भी मंत्री का बयान बहुत जारी होने पर ही जारी होना चाहिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की शाम कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई. इस बैठक में उन्होंने मंत्रियों को संबोधित करते हुए सभी को संयम बरतने का निर्देश दिया. मंत्रियों को विभागों का बंटवारा करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां से जाने के बाद किसी को प्रवचन करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि सभी मंत्री केवल अपने मंत्रालय से संबंधित ही बयान दें. इसमें भी यदि बहुत जरूरी ना हो तो बयानबाजी करने से बचें.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी मंत्रियों को समय से मंत्रालय पहुंचने और नियमित तरीके से काम करने को कहा. कहा कि जब मंत्री समय पर कार्यालय आते हैं तो कर्मचारियों पर अच्छा असर पड़ता है. उन्होंने सभी कैबिनेट मंत्रियों को कहा कि जरूरी फाइलें राज्य मंत्रियों को भी जानी चाहिए. मंत्रालय के फैसलों में उन्हें भी शामिल होना चाहिए. कहीं से ये ना लगे कि उनकी किसी भी स्तर पर उपेक्षा हो रही है.

