Site icon Yashbharat.com

कांग्रेस का भारत बंद कल, कई दलों ने दिया समर्थन

petrol

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर कांग्रेस ने 10 सितंबर यानी सोमवार को भारत बंद का एलान किया है। साथ ही द्रमुक, राकांपा, राजद, सपा और एमएनएस सहित देश की करीब 20 छोटी-बड़ी विपक्षी पार्टियों के समर्थन का दावा भी किया है।

 

हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने बंद से अपने को अलग रखा है। पार्टी का कहना है कि बढ़ी कीमतों को लेकर उनका विरोध तो है, लेकिन बंद का रास्ता ठीक नहीं है, इससे लोगों को परेशानी होती है।

वहीं कांग्रेस ने लोगों से शांतिपूर्ण बंद की अपील की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने रविवार को भारत बंद को लेकर पत्रकारों से कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में जिस तरीके से बढ़ोतरी हो रही है, उससे महंगाई बढ़ी है।

उन्होंने सरकार से पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में शामिल करने की मांग की। साथ ही कहा कि इससे इनकी कीमतों में 15 से 18 रुपए तक कमी आएगी।

उन्होंने सरकार पर पेट्रोल- डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का भी आरोप लगाया और कहा कि मई 2014 में पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी जहां करीब नौ रुपए थी, वहीं अब यह 19 रुपए हो गई है।

इसी तरह डीजल पर भी ड्यूटी चार रुपए से बढ़ाकर 17 रुपए से अधिक कर दी गई है। इससे सरकार ने पिछले चार सालों में करीब 11 लाख करोड़ की कमाई की है।

माकन ने बताया कि बंद का कई राज्यों के चेंबर ऑफ कॉमर्स, स्कूल यूनियनों और सामाजिक संगठनों ने समर्थन किया है। वहीं राज्यों में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ नेता बंद की अगुवाई करेंगे।

रुपए की गिरावट को लेकर भी कांग्रेस नेता ने सरकार पर हमला बोला और कहा कि पहले डॉलर की कीमत 60 रुपए के ऊपर जाती थी, तो कहा जाता था कि रुपया आईसीयू में चला गया है।

लेकिन आज यह 70 से ऊपर है, फिर भी कोई कुछ नहीं बोल रहा है। भाजपा कार्यकारिणी भी इस मुद्दे पर चुप रही।

Exit mobile version