कटनी की धरा के गर्भ में मिला सोने का भंडार

 कटनी। अकूत खनिज संपदा से सम्पन्न कटनी जिले की धरती अब सोना भी उगलेगी। लाइम सिटी और मार्बल सिटी के नाम से प्रसिद्धि पा चुके कटनी नगर को आने वाले समय में गोल्डन सिटी का भी खिताब मिल सकता है।images 2

 लाइम सिटी और मार्बल सिटी के बाद अब मिलेगा गोल्डन सिटी का खिताब

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के जरिए कराए गए सर्वे में देश में जिन स्थानों पर सोने का खनिज भंडार पाया गया है उनमें कटनी भी शामिल है। कटनी जिले के ग्राम इमलिया स्थित 6 हेक्टेयर भूमि के रकवे में लगभग साढ़े 3 लाख टन सोने का भंडार होने की संभावना सर्वे में जताई गई है।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश का कटनी जिला खनिज भंडारों वाले जिले में से एक प्रमुख जिला है। यहां लाइम स्टोन के प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होने के कारण एसीसी जैसी बड़ी सीमेंट कंपनियां है और भी अनेक बहुमूल्य खनिज कटनी की धरा के गर्भ में मौजूद है।

कुछ सालों पहले स्लीमनाबाद क्षेत्र में मार्बल खनिज की उपलब्धता के बाद कटनी का नया नाम मार्बल सिटी हो गया था। अब यहां सोने की खदानों का भी पता लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगरौली के ग्राम चकरिया सहित कटनी जिले के ग्राम इमलिया में सोने के अकूत भंडार हैं।

दोनों जगह लगभग पांच लाख टन से ज्यादा सोना भू-गर्भ में होने का अनुमान लगाया जा रहा। सर्वे में कटनी और सिंगरौली जिले में स्वर्ण भंडार पाये जाने के बाद अब मध्यप्रदेश शासन द्वारा सोना खनन के लिए खदानों की नीलामी की योजना तैयार की जा रही। सूत्रों की मानें तो आगामी मई माह तक प्रदेश सरकार खनिज विभाग के माध्यम से सोने की खदानों को नीलामी प्रक्रिया शुरू कर सकती है।

Exit mobile version