‘ऑनर किलिंग-गर्भवती पत्नी के सामने पति की हत्या

honor killing

हैदराबाद: तेलंगाना में नालगोंडा जिले के मिर्यालगुडा शहर में हुए ‘ऑनर किलिंग’(झूठी शान के लिए हत्या) के मामले में पुलिस ने रविवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया। अनुसूचित जाति के युवक प्रणय कुमार की अपने से ऊंची जाति की लड़की से शादी करने के कारण शुक्रवार को गला काटकर हत्या कर दी गई थी। प्रणय की हत्या सफारी सूट पहने एक लंबे व्यक्ति ने उस समय कर दी थी जब वह अपनी मां प्रेमलता और पत्नी अमृतावर्षिनी के साथ अस्पताल से बाहर निकल रहा था। बाद में अमृता ने अस्पताल में अपने इलाज के दौरान कहा कि उसके पिता टी.मारुति राव और चाचा श्रवण ने प्रणय (23) की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मारुति, श्रवण, मिर्यालगुडा नगर कांग्रेस अध्यक्ष करीम और दो अन्य को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस हत्यारे को तलाश कर रही है जो हैदराबाद के पुराने शहर का रहने वाला बताया जाता है। पुलिस के मुताबिक मारुति ने हत्यारे को प्रणय की हत्या के लिए 10 लाख रुपए दिए थे। इस बीच राज्य के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री के टी रामाराव ने इस घटना पर गहरा शोक और दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि यह वास्तव में डरावना है कि इस आधुनिक युग में भी जाति के नाम पर इस प्रकार की अमानवीय घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रणय के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।

लड़की ने लगाए घरवालों पर आरोप
पति की हत्या के बाद गर्भवती पत्नी ने अपने परिजनों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने शुरू से ही उनके इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। महिला ने कहा कि जब उसके पिता को पता चला कि वह गर्भवती है तो उन्होंने उसपर गर्भपात कराने का दवाब डाला।

इसे भी पढ़ें-  MP Cabinet Decision: प्रदेश में योजनाओं के लिए ₹23,228 करोड़ की भारी-भरकम राशि स्वीकृत; 2031 तक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और सिंचाई परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

अस्पताल के सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
प्रणय की हत्या की पूरी वारदात अस्पताल के सीसीटीव में कैद हो गई। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि प्रणय अपनी पत्नी का चेकअप करवाकर जैसे ही अस्पताल से बाहर आता है तो एक आदमी उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर देता है।

Leave a Reply