जबलपुर। स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा बुधवार शाम कटंगा रामपुर मार्ग पर पकड़े गये संदिग्ध 35 लाख रुपये के तार हवाला से जुड़े हुये दिखाई दे रहे हैं। यश भारत के पास पुख्ता जानकारी है कि यह पूरा मामला अंतर्राष्ट्रीय सट्टे का है जिसका सीधा कनेक्शन दुबई से हैं। जिसकी जानकारी एसटीएफ को भी है लेकिन अभी वह खुलासा नहीं कर रही।
एसटीएफ की कार्यवाही, हवाला का नहीं सट्टे का है पैसा
दुबई से जुड़े हैं तार, रामपुर चौराहे स्थित बिल्डिंग से संचालित होता है पूरा काम
इस पूरे मामले में जो दो युवक सोनू मनवानी और अमित शर्मा पकड़े गये हैं वे सिर्फ प्यादे मात्र हैं। इस पूरे खेल का संचालन रामपुर स्थित एक मकान से होता है जहां दुबई से चलने वाला ऑनलाईन सट्टे के कलेक्शन व नम्बर लिखे जाते हैं। जिसके पीछे सतीश सनपाल नामक युवक का नाम सामने आ रहा है। कल एसटीएफ की कार्रवाई के बाद जो मनोज सनपाल नामक वकील पहुंचा था वह मूल रूप से एलआईसी एजेण्ट के रूप में जाना जाता है और सतीश सनपाल का चचेरा भाई है लेकिन मनोज सनपाल सतीश के क्रिकेट सट्टे का काम देखने की जानकारी भी सूत्रों से मिली है।
कौन है सतीश सनपाल
लगभग 5-6 साल पहले शहडोल में रहने वाला सतीश जबलपुर आया था तब उसके पास कुछ भी नहीं था। आज की तारीख में सतीश महंगी इम्पोर्टेट कारों में घूमता है और ऑलीशान मकान में रहता है। इसके करीबी बताते हैं कि सतीश ज्यादातर समय विदेशों में ही रहता है खासतौर पर दुबई सहित अरेबिक देशों में। इस बात की जानकारी भी एसटीएफ के पास है लेकिन वह अभी सभी तारों को जोड़ने में लगी हुई है। सूत्र बताते हैं कि सतीश दुबई से सोने का भी काम करता है लेकिन किसके साथ और कैसे इसकी जानकारी नहीं है। वहीं गोवा में एक कैसीनो भी सतीश का बताया जा रहा है।
पूरे पैसे रख लो आप
बुधवार को जब 35 लाख रुपए एसटीएफ ने पकड़े तो उसके बाद एसटीएफ के अधिकारियों को सीधे ऑफर किया गया कि वे 35 लाख रुपए पूरे रख लें और ऊपर से और भी व्यवस्था कर दी जाएगी लेकिन किसी का भी नाम सामने नहीं आना चाहिए। जब एसटीएफ टीम नहीं मानी और आरोपियों को पकड़कर थाने ले आयी उसके बाद सफेदपोश लोगों व आलाअधिकारियों के माध्यम से सैटलमेंंट की बात की जाने लगी। लेकिन सट्टे के मामले में किसी ने भी अपना हाथ नहीं डाला ओर उसके बाद मामला मीडिया में आ गया।
फोन बंद सोशल मीडिया से गायब
सट्टा का पैसा पकड़े जाने के बाद सतीश सनपाल से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उसका फोन बंद आ रहा है वहीं सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहने वाला सतीश जो अपनी लग्जरी लाइफ की फोटो पोस्ट करता रहता है वह अब सोशल मीडिया से भी अपने सभी एकाउंट कल की कार्यवाही के बाद डिलीट कर चुका है। वहीं पकड़े गए पैसे को एलआईसी का बताने वाला उसका चचेरा भाई भी फोन बंद करके अंडरग्राउंड हो गया है।

