भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव सात राज्यों (महाराष्ट्र, तमिलनाडू, उत्तरप्रदेश, पंजाब, दिल्ली, बिहार और उड़ीसा) के आईएएस, आईपीएस और आईआरएस अफसर कराएंगे। चुनाव आयोग ने 54 सामान्य, 29 व्यय और 16 पुलिस पर्यवेक्षकों की ड्यूटी प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए लगाई है।
जबलपुर, इंदौर, सतना और रीवा लोकसभा में एक-एक आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी तैनात होगा और बाकी 25 सीटों पर दो-दो आईएएस अधिकारियों की ड्यूटी सामान्य पर्यवेक्षक के तौर पर लगाई गई है।
16 आईपीएस अफसरों को पुलिस पर्यवेक्षक बनाया गया है। इनमें से तीन अधिकारी भोपाल, रीवा और राजगढ़ लोकसभा के लिए तैनात रहेंगे। जबकि 13 अधिकारी 26 लोकसभा क्षेत्र देखेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने बताया कि छिंदवाड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए आयोग ने अलग से सामान्य, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
यहां से मुख्यमंत्री कमलनाथ चुनाव लड़ेंगे। यह सीट विधायक दीपक सक्सेना के इस्तीफा देने की वजह से खाली हुई है। पर्यवेक्षक व्यय पर्यवेक्षक नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने के समय से आ जाएंगे।
सोशल मीडिया के प्लेटफार्म का उपयोग करके आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामलों की निगरानी के लिए आयोग ने सेल बनाई है।
यह सेल फेक न्यूज, गलत या झूठा समाचार, घृणास्पद भाषा के माध्यम से आचार संहिता को तोड़ने के मामले में कार्रवाई करेगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में भी इसके लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।
51 हजार गैर जमानती वारंट नहीं हुए तामील
निर्वाचन पदाधिकारियों ने बताया कि 31 मार्च तक 51 हजार 355 गैर जमानती वारंट तामील होने बाकी हैं। आचार संहिता लागू होने के बाद 21 हजार 658 वारंट तामील कराए गए हैं। वहीं, दो लाख 39 हजार 528 लाइसेंसी शस्त्र थाने में जमा कराए गए हैं।
चुनाव में बाधा पहुंचाने वाले छह हजार 493 व्यक्तियों की पहचान कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। 12 हजार 379 मतदान केंद्र संवेदनशील और अति संवेदनशील की श्रेण्ाी में हैं। दो हजार 544 ऐसे क्षेत्र चि-त किए गए हैं, जो संवेदनशील की श्रेणी में हैं। 405 बॉर्डर नाके बनाए गए हैं।
सवा 14 करोड़ से ज्यादा की जब्ती
लोकसभा चुनाव में अभी तक 14 करोड़ 32 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी, शराब, सोना-चांदी और अवैध मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। इसमें 4.92 करोड़ की नकदी, 4.97 करोड़ की शराब, 44 लाख 8 हजार के सोना-चांदी के आभूषण, 1.96 करोड़ रुपए के मादक पदार्थ और दो करोड़ दो लाख रुपए से ज्यादा के वाहन, हथियार और अन्य सामग्री जब्त की गए हैं। जब्ती की रकम 2014 के लोकसभा चुनाव से 33 लाख रुपए ज्यादा बताई जा रही है।
1.25 करोड़ घरों में वोटर गाइड बांटेगा आयोग
चुनाव आयोग मतदान से पहले प्रदेश के 1.25 करोड़ घरों में वोटर गाइड बांटेगा। यह काम बूथ लेवल ऑफिसर करेंगे। इसके लिए चार चरण के हिसाब से अलग-अलग रंग की वोटर गाइड बनवाई गई है। इसमें मतदान से जुड़ी सभी जानकारियां दी गई हैं।
दतिया कलेक्टर को लेकर मांगी रिपोर्ट
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दतिया कलेक्टर आरएस जादौन को लेकर भाजपा ने श्ािकायत की है। इस मामले में रिपोर्ट मांगी गई है। इसी तरह छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में भी प्रतिवेदन मांगा गया है।
धार कलेक्टर दीपक सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले पूरे मामला का परीक्षण किया जा रहा है। दिग्विजय सिंह को लेकर धार्मिक प्रचार के प्रकरण में भी भोपाल कलेक्टर से प्रतिवेदन मांगा गया है।

