Site icon Yashbharat.com

‘आयुष्मान भारत’ के लिए आधार जरूरी नहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने किया साफ

images 35

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि उसकी महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ का लाभ उठाने के लिए आधार कार्ड जरूरी नहीं होगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि जिनके पास आधार कार्ड नहीं है, वे भी आयुष्मान भारत- नेशनल हेल्थ प्रोटेक्शन मिशन का फायदा उठा सकते हैं। इस मिशन को लेकर जारी दिशानिर्देशों में साफ कहा गया है कि आधार कार्ड के अभाव में किसी को भी इस सुविधा से वंचित नहीं किया जाएगा। जिनके पास आधार कार्ड नहीं है, वो कोई भी वैध पहचान पत्र के जरिए इसका लाभ उठा सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय को यह स्पष्टीकरण इसलिए जारी करना पड़ा, क्योंकि हाल की मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि आयुष्मान भारत का फायदा उठाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य होगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है। बकौल मंत्रालय, ये खबरें बेबुनियाद हैं।

स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने साफ किया है कि, बिना आधार कार्ड से भी इस योजना का लाभ उठाया जा सकता है। आधार कार्ड की जगह राशन कार्ड, मनरेगा कार्ड या वोटर आई कार्ड का प्रयोग किया जा सकता है।

मालूम हो कि सरकार की इस योजना के तहत 10 करोड़ गरीब परिवारों को हर साल पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज दिया जाएगा।

Exit mobile version