शरीर में आयोडीन की कमी दूर करने के लिए डाइट में शामिल करें ये चीज़ें, एक्सपर्ट से जानें सही तरीका
शरीर में आयोडीन की कमी दूर करने के लिए डाइट में शामिल करें ये चीज़ें, एक्सपर्ट से जानें सही तरीका
नई दिल्ली।आयोडीन हमारे शरीर के लिए एक बेहद आवश्यक मिनरल है, जो थायरॉयड हार्मोन बनाने में मुख्य भूमिका निभाता है। यह हार्मोन मेटाबॉलिज्म, शरीर के तापमान, एनर्जी लेवल और मानसिक विकास को नियंत्रित करते हैं। ग्लेनीगल्स अस्पताल के सीनियर कंसल्टेंट (इंटरनल मेडिसिन) डॉ. प्रसन्ना कार्तिक एस के अनुसार, शरीर में आयोडीन की कमी से घेंघा (Goitre), थायराइड, थकान, अचानक वजन बढ़ना और बच्चों के विकास में रुकावट जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉक्टर के अनुसार, डाइट में इन चीजों को शामिल कर आयोडीन की कमी को दूर किया जा सकता है:
1. आयोडीन युक्त नमक
सामान्य नमक की जगह आयोडीन युक्त नमक का उपयोग दैनिक आवश्यकता को आसानी से पूरा करता है।
इसे नमी और गर्मी से दूर बंद डिब्बे में रखना चाहिए ताकि आयोडीन का असर बना रहे। High BP के मरीज इसका सीमित सेवन करें।
2. डेयरी प्रोडक्ट्स और अंडे
दूध, दही, योगर्ट और अन्य डेयरी उत्पादों में आयोडीन पाया जाता है।
अंडे (विशेषकर अंडे की जर्दी) भी आयोडीन का एक बेहतरीन स्रोत हैं।
3. सीफूड और सीवीड
मछली, सीफूड और सीवीड (Seaweed) में आयोडीन की भरपूर मात्रा होती है।
सीवीड का सेवन सीमित मात्रा में ही करें, क्योंकि जरूरत से ज्यादा आयोडीन भी थायरॉयड के कामकाज को प्रभावित कर सकता है।
4. पौधे और सब्जियां (विशेष सावधानी)
बीन्स, अनाज और कुछ सब्जियों में भी आयोडीन होता है।
सावधानी: पत्तागोभी, फूलगोभी और ब्रोकली में ‘गोइट्रोजन’ तत्व होते हैं, जो शरीर में आयोडीन के अवशोषण को रोकते हैं। थायरॉयड के मरीजों को इन्हें ज्यादा मात्रा में या कच्चा (सलाद के रूप में) खाने से बचना चाहिए।
किन लोगों को रखना चाहिए विशेष ध्यान?
वीगन व कम सीफूड खाने वाले: जो लोग डेयरी या सीफूड नहीं खाते, उन्हें अपनी डाइट में आयोडीन के विकल्पों पर खास ध्यान देना चाहिए।
गर्भवती व स्तनपान कराने वाली महिलाएं: इस दौरान शरीर को सामान्य से अधिक आयोडीन की आवश्यकता होती है।
सप्लीमेंट्स से बचें: डॉक्टर की सलाह के बिना कोई भी आयोडीन सप्लीमेंट न लें, क्योंकि आयोडीन की अधिकता और कमी—दोनों ही सेहत के लिए हानिकारक हैं। शरीर में आयोडीन की कमी दूर करने के लिए डाइट में शामिल करें ये चीज़ें, एक्सपर्ट से जानें सही तरीका