Friday, May 22, 2026
Latest:
Coronaमध्यप्रदेश

आधार कार्ड में नहीं हुआ मोबाइल नंबर तो टीकाकरण के लिए आएगी दिक्कत

भोपाल। आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हो तो टीकाकरण के लिए एसएमएस नहीं पहुंच पाएगा। वजह टीका लगाने के लिए एसएमएस आधार कार्ड के साथ दर्ज मोबाइल नंबर पर ही भेजा जाएगा। ड्राय रन के दौरान भी इस तरह की दिक्कतें आ चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग अब इस दिक्कत का विकल्प खोज रहा है। कई लोगों ने मोबाइल नंबर बदल लिया है, लेकिन आधार कार्ड में अपडेट नहीं कराया। इन्हें एसएमएस जारी नहीं हो पा रहा है या फिर किसी और के पास पहुंच रहा है। पहले तो स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगेगा। इसके बाद बुजुर्गो और बीपी शुगर आदि के मरीजों को टीका लगेगा तो इसमें ज्यादा दिक्कत आएगी।

टीका लगने के बाद किसी तरह के दुष्प्रभाव को देखने और इलाज करने के लिए सीएमएचओ ने कमेटी का गठन शुक्रवार को किया है। इसमें जीएमसी के अलग-अलग विभाग के पांच डॉक्टर, चार अन्य डॉक्टर, ड्रग इंस्पेक्टर, डब्ल्यूएचओ, नर्सिंग होम एसोसिएशन, आइएमए आदि संगठनों के प्रतिनिधि, सभी बीएमओ, डीपीएम आदि शामिल होंगे। राज्य स्तर पर एम्स की शिशु रोग विभाग की एचओडी डॉ. शिखा मलिक की अध्यक्षता में इसी तरह की कमेटी बनाई गई है।

भोपाल में कोरोना टीकाकरण के लिए भारत सरकार की तरफ से छोटी-बड़ी सभी चीजें उपलब्ध कराई जा रही हैं। टीका रखने के लिए आइस लाइन रेफ्रिजरेटर, 200 वैक्सीन कैरियर (कोल्ड चेन में केन्द्र तक टीका ले जाने के लिए) मिले हैं। पहले से भोपाल में तीन हजार वैक्सीन कैरियर हैं। इसके अलावा इसी हफ्ते चार लाख सिरिंज भी भारत सरकार से मिली हैं। यह सिरिंज उसी तरह के जो अन्य टीकाकरण में उपयोग किए जाते हैं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम