आंधी, तूफान, बारिश से 41मौतें, उत्तर से दक्षिण तक हाहाकार, महाकोशल विंध्य में भी नुकसान

नई दिल्ली। पिछले दिनों देश के कई हिस्सों में 134 जानें ले चुकी धूल भरी तेज आंधी का कहर रविवार शाम फिर बरपा। उत्तर से दक्षिण तक आई तेज आंधी और बारिश से 41 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में 14, पश्चिम बंगाल में चार बच्चों समेत 12, आंध्र प्रदेश में नौ और हरियाणा में दो लोगों की जान चली गई। इनकेअलावा दिल्ली में एक महिला समेत दो की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हुए हैं।

एक-एक मौत गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी हुई। दिल्ली में 109 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी के कारण दिन में ही अंधेरा हो गया। इससे आइजीआइ एयरपोर्ट पर विमान सेवा लगभग आधे घंटे ठप पड़ गई। लगभग 70 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। दर्जनभर उड़ानों में देरी हुई। यही नहीं, मेट्रो लाइन पर पेड़ गिरने और सिग्नल प्रणाली में खामी आने से मेट्रो का परिचालन भी बंद करना पड़ा। नोएडा सेक्टर 16 से नोएडा सिटी सेंटर तक डेढ़ घंटे तक मेट्रो परिचालन बंद रहा। जबकि कई अन्य लाइनों पर 40 मिनट तक मेट्रो के पहिए थमे रहे।

उप्र के संभल में आंधी से भड़की आग में जला पूरा गांव

उप्र के संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के चाऊपुर में आंधी के दौरान अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते कुछ ही देर में आग ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा गांव जलने लगा। ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए घर से भाग निकले। आग से ट्रैक्टर ट्राली, अनाज, कपड़े, बर्तन समेत कई लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। एक दर्जन से अधिक पशु भी जल गए। आग बुझाने व घर से निकलने के दौरान कई लोगों के झुलसने की भी सूचना है। गांव के कुछ बच्चे भी गायब हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इसके अतिरिक्त बुंदेलखंड समेत मध्य उप्र के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और ओले पड़े। सूबे में कुल 14 लोगों की मौत हो गई।

हरियाणा में भी बिगड़ा मौसम, दो की मौत

हरियाणा के कैथल, नूंह, रोहतक सहित कई जिलों में रविवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। रोहतक और कैथल में ओले भी गिरे। हालांकि, इससे गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हुआ। राज्य में दो लोगों की मौत हो गई। एक की झच्जर में तो दूसरे की पलवल में मौत हो गई।

पारा ने लगाया गोता

मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में रविवार को दिन का जो तापमान 40.60 डिग्री था, वह शाम में घटकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वैसे दिल्ली के पांडव नगर में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं जैतपुर इलाके में घर लौट रहे एक व्यक्ति की तीसरी मंजिल से ईंट गिर जाने से मौत हो गई। दिल्ली पुलिस को आंधी-तूफान के बाद 189 पेड़ और 40 खंबे गिरने की सूचना मिली।

कई राज्यों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, मिजोरम, असम, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में अगले दो-तीन दिनों तक तेज हवाओं और तूफान का अंदेशा जताया है।

मप्र के विंध्य-महाकोशल के कई जिलों में चली तेज हवा

मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का सितम जारी है। हालांकि विंध्य-महाकोशल के कई जिलों के तापमान में कुछ गिरावट आई। रविवार को खजुराहो और नौगांव प्रदेश में सबसे अधिक गर्म रहे। रीवा, सतना, उमरिया, सीधी आदि जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बौछारें भी पड़ीं। भिंड में करीब आधा घंटा बारिश हुई।

Exit mobile version