ग्वालियर। विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद शहर और एरोड्रम पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। जबकि रेलवे स्टेशन पर अब तक इस प्रकार की चैकिंग नहीं हो रही थी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद अब स्टेशन एवं ट्रेनों में चैकिंग के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
ऐसे में यदि अब किसी के पास 10 लाख कैश, सोने चांदी के जेवरात मिले तो उनपर गाज गिर सकती है। क्योंकि यदि आप रकम से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके तो पुलिस के साथ ही आयकर का शिकंजा भी कस सकता है।
चुनाव आयुक्त भारत निर्वाचन आयोग ने पिछले दिनों चुनाव तैयारियों को लेकर बैठक ली थी। जिसमें रेलवे द्वारा एक मामले में कार्रवाई किए जाने पर नाराजगी जाहिर की गई थी। इसके बाद मुख्य चुनाव अधिकारी मध्यप्रदेश ने जीआरपी भोपाल को इस संबंध में गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिस पर अमल करते हुए जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त एसएसटी टीम गठित की गई है।
ये टीम सभी ट्रेनों तथा रेलवे स्टेशन पर चैकिंग करेगी। टीम का फोकस ऐसे यात्रियों पर होगा, जिनके पास दस लाख नगद, एक किलो गहने, शराब या मादक पदार्थ पाया जाएगा।
स्टेशन पर चला चेकिंग अभियान
जीआरपी टीआई अजीत सिंह एवं आरपीएफ टीआई आनंद स्वरूप पांडे के नेतृत्व में मंगलवार को ट्रेनों एवं प्लेटफार्म पर सघन चैकिंग अभियान चलाया गया है। इस दौरान ग्वालियर स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की भी जांच की गई है। इसके पूर्व सुबह टीम की बैठक हुई है, जिसमें सभी को रेलवे ट्रैकों पर चैकिंग करने की हिदायत दी गई है।
3 शिफ्टों में होगी जांच
रेल पुलिस अधीक्षक से मिलने निर्देशों के तहत थाना प्रभारियों को दिन में 8-8 घंटो की तीन शिफ्ट में चैकिंग अभियान चलाना है। साथ ही हिदायत दी गई है कि यदि किसी के पास 10 लाख कैश मिलता है तो इसकी जानकारी तत्काल आयकर विभाग को दी जाए। पूरे सामान की चैक करते हुए वीडियोग्राफी भी कराई जाए।
इनका कहना है
जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ट्रेनों एवं प्लेटफार्म पर जांच कर रही है। यदि किसी के पास 10 लाख कैश या अधिक मात्रा में सोने चांदी के जेवरात मिलते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान 28 नवंबर तक जारी रहेगा। टीम में नैरोगेज थाना प्रभारी भी शामिल रहेंगे।
-अजीत सिंह, थाना प्रभारी जीआरपी

