दुल्‍हन के प्रेमी ने रची खतरनाक साजिश

मामला छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के रेंगाखार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चमारी का है। खूनी साजिश रचने वाला दुल्हन ललिता मेरावी का प्रेमी है, जिसे छत्‍तीसगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित बालाघाट जिले के बिरसा तहसील के ग्राम छपला वार्ड क्रमांक-11 निवासी सरजू पिता बलदेव मरकाम उम्र-33 वर्ष है।

जानकारी के अनुसार, आरोपित सरजू मरकाम और अंजना गांव की युवती का लंबे समय से प्रेम प्रसंग था, लेकिन युवती का विवाह छत्‍तीसगढ़ के ग्राम चमारी में रहने वाले हेमेंद्र पिता मेहर सिंह मेरावी से तय हो गया। शादी तय होने के बाद युवती सरजू से विवाह नहीं करना चाहती थी।

प्रेमिका को सबक सिखाने के लिए किया ऐसा

30 मार्च को हेमेंद्र व युवती का रीति-रिवाज के साथ विवाह हुआ, लेकिन सरजू के मन युवती के प्रति क्रोध पनप रहा था। उसने युवती को सबक सिखाने के लिए बालाघाट के बिरसा अंतर्गत ग्राम मंडई से एक इलेक्ट्रानिक की दुकान से होम थिएटर खरीदा और उसमें 250 ग्राम अमोनियम नाइट्रेट और करीब सवा किलो पेट्रोल मिला बारूद डाल दिया।

 

 

मंडप में रखे उपहारों के बीच रख दिया होम थिएटर

इसके बाद उसने शादी समारोह में चोरीछिपे पहुंचकर मंडप में रखे उपहार के बीच होम थिएटर रख दिया। 31 मार्च को रिसेप्‍शन के बाद नवविवाहिता मायके चली गई। तीन अप्रैल को सुबह करीब नौ बजे नवविवाहित हेमेंद्र व उसके स्वजन उपहार के मिले सामान देखने लगे।

दूल्‍हे ने मौके पर दम तोड़ दिया था

 

इसी दौरान उन्होंने होम थिएटर चालू किया, तभी उसमें जबरदस्त विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से नवविवाहित हेमेंद्र ने मौके पर दम तोड़ दिया था। जबकि उससे बड़े राज कुमार उम्र-32 की जिला अस्पताल में मृत्यु हो गई। इस हादसे में मृतक हेमेंद्र के रिश्तेदार भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें तीन वर्षीय बालक भी शामिल हैं।

ये हुए घायल

घायलों में बिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम रेलवाही निवासी सूरज पिता ज्ञानसिंह उम्र-22 ग्राम, शिव पिता मोहन सिंह मेरावी उम्र-25 ग्राम मुंडाटोला थाना बिरसा, शेर सिंह पिता सुखलाल खुसरो उम्र-20 ग्राम बिठली थाना बिरसा के अलावा दीपक पिता अजीत सिंह उम्र-18 ग्राम जामूनपानी थाना झलमला जिला कबीरधाम और तीन वर्षीय सौरभ पिता राज कुमार शामिल है।

खदान में काम कर चुका है आरोपित

पुलिस जानकारी के अनुसार, आरोपित सरजू बालाघाट में ही एक खदान में विस्फोट विभाग में सहायक कर्मचारी के रूप में वर्ष 2015 से काम कर रहा था। बताया गया कि उसे विस्फोटक और प्रभाव के बारे में जानकारी दी। उसके पास 250 ग्राम अमोनियम नाइट्रेट रखा था।

 

धमकी दी थी- कुछ ऐसा करेगा कि जिंदगी भर रोएगी

युवती द्वारा शादी के प्रस्ताव को ठुकारने के बाद सरजू ने उसे धमकी भी दी थी कि वह ऐसा कुछ करेगा कि वह जिंदगीभर रोएगी। बताया गया कि मृतक हेमेंद्र को शादी से पूर्व युवती व सरजू के प्रेम प्रसंग के बारे में पता चला था, जिसके बाद सरजू व हेमेंद्र के बीच विवाद भी हुआ था।

36 घंटे के भीतर हत्थे चढ़ा

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ की रेंगाखार पुलिस ने बिरसा बालाघाट पुलिस की मदद से इस सनसनीखेज मामले का 36 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। बिरसा थाना प्रभारी भारत नोटिया ने बताया कि रेंगाखार पुलिस मंगलवार को मंडई की उस दुकान तक पहुंची, जहां से होम थिएटर खरीदा गया था।

दुकान संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की

छग पुलिस ने दुकान के संचालक अमर राहंगडाले को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें संचालक द्वारा 30 मार्च को उसकी दुकान से सरजू नामक व्यक्ति द्वारा होम थिएटर खरीदने की बात बताई गई। छग पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपित सरजू को गिरफ्तार किया, जिसने खूनी साजिश की दिल दहला देने वाली कहानी बताई। एसपी डा. लाल उमेद सिंह ने रेंगाखार पुलिस को दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।