खेल डेस्क। मेजबान इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुरुवार को 12वें क्रिकेट वर्ल्ड कप का प्रारंभिक मैच खेला जाएगा। यदि इनके बीच वनडे क्रिकेट मैचों में आपसी रिकॉर्ड की बात की जाए दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। वैसे टीमों के वर्तमान प्रदर्शन और अपने घर में रिकॉर्ड की बात की जाए तो इंग्लैंड बेहतर स्थिति में नजर आती है।
इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच अभी तक 59 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेले जा चुके हैं। इनमें से दक्षिण अफ्रीका ने 29 और इंग्लैंड ने 26 मैच जीते है। इनके बीच 1 मैच टाई रहा जबकि 3 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकल पाया।
वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड बराबरी पर :
क्रिकेट महाकुंभ में इन दोनों टीमों के बीच अभी तक 6 मैच खेले गए और दोनों टीमें 3-3 मैच जीतने में सफल रही।
ओवल में इंग्लैंड ने जीते ज्यादा मैच :
ओवल में इनके बीच अभी तक 6 मैच खेले गए जिनमें से इंग्लैंड ने 4 मैच जीते जबकि द. अफ्रीका 2 मैच ही जीत पाया है। द. अफ्रीका ने यहां इंग्लैंड से शुरुआती दो मैच जीते लेकिन उसके बाद से इंग्लैंड लगातार 4 मैच जीत चुका है।
इंग्लैंड का घर में शानदार रिकॉर्ड :
इंग्लैंड टीम का पिछले कुछ साल से अपने घर में रिकॉर्ड शानदार रहा है। इंग्लैंड ने अपने घर में पिछले 16 मैचों में से 15 मैचों में जीत दर्ज की। उन्हें एकमात्र हार पिछले साल ट्रेंट ब्रिज में भारत ने उसे हराया था। द. अफ्रीका ने पिछले 21 मैचों में से 16 मैचों में जीत दर्ज की है।
पिछली सीरीज इंग्लैंड के नाम :
इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच पिछली वनडे सीरीज 2017 में खेली गई थी और इंग्लैंड ने इस सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया था।
अमला के सबसे ज्यादा रन, रबाडा के नाम सबसे ज्यादा विकेट :
यदि इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैचों की बात की जाए तो हाशिम अमला ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। द. अफ्रीका के अमला ने 20 पारियों में 53.50 की औसत से 963 रन बनाए हैं। उन्होंने 2 शतक और 6 फिफ्टी लगाई। इसी तरह इन टीमों के बीच हुए वनडे मैचों में कगिसो रबाडा ने सर्वाधिक 16 विकेट हासिल किए। उन्होंने 7 मैचों में 20.68 की औसत से ये शिकार किए।








