Wednesday, April 29, 2026
Latest:
Latest

महिला ने शादी ठुकराई तो युवक ने फेंका एसिड, गंभीर रूप से झुलसी

महिला ने शादी ठुकराई तो युवक ने फेंका एसिड, गंभीर रूप से झुलसी। कंपू के अवाड़पुरा क्षेत्र में रहने वाली 28 वर्षीय महिला पर उसके जेठ ने एसिड फेंक दिया। महिला के पति का बीमारी के कारण आठ महीने पहले निधन हो गया था। इसके बाद आरोपी जेठ उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। महिला के विरोध करने पर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

छेड़छाड़ करता था

महिला ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में कई बार उसके कमरे में जबरन घुसकर छेड़छाड़ करता था। उसकी पत्नी पहले ही शराब की लत के कारण घर छोड़ चुकी थी। वह लगातार कहता था कि उससे शादी कर ले। गुरुवार दोपहर भी उसने शादी के लिए दबाव बनाया। मना करने पर वह गुस्से में चला गया और शाम को बाजार से एसिड खरीदकर लाया।

अचानक एसिड फेंक दिया

रात करीब आठ बजे महिला कमरे में सब्जी काट रही थी, तभी आरोपी ने अचानक एसिड फेंक दिया। तेजाब महिला के चेहरे, गले, सीने, हाथ और पेट पर जा गिरा। एसिड आंख में जाने से उसकी कॉर्निया तक जल गई। चीख सुनकर बच्चे रोने लगे, तो आरोपी ने उन्हें भी धमकाया कि अगर चुप नहीं हुए तो तुम्हें भी जला दूंगा।

महिला ने शादी ठुकराई तो युवक ने फेंका एसिड, गंभीर रूप से झुलसी

आरोपी हिरासत में

महिला को गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। उसका चेहरा और गला बुरी तरह झुलस गया है और बोलने में तकलीफ हो रही है।पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी ने पहले से ही यह योजना बनाई थी। सीसीटीवी फुटेज में वह गुढ़ा-गुढ़ी का नाका क्षेत्र से एसिड खरीदते हुए दिखा। एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

 

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि