WhatsApp यूजर्स को सुविधा, जल्द ही चार फोन पर एक ही नम्बर से चल सकेगा व्हाट्सएप
WhatsApp के यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। अब जल्द ही चार अलग-अलग मोबाइल फोन पर WhatsApp चलाना संभव हो सकेगा। खास बात यह है कि इसके लिए नंबर्स बदलने की जरूरत नहीं होगी, एक ही मोबाइल नंबर से चारों WhatsApp Account चलाए जा सकेंगे।
इससे यूजर्स का सोशल मीडिया एक्सपीरीयंस बदल जाएगा। फेसबुक के स्वामित्व वाला वाट्सएप एक ऐसे नए फीचर पर काम कर रहा है, जिससे यूजर्स जल्द ही एक ही नंबर से चार मोबाइल फोन पर इस सोशल शेयरिग प्लेटफार्म को चला सकेंगे।
यह प्लेटफार्म जिस नए फीचर पर काम कर रहा है, उससे यूजर्स अपनी चैट हिस्ट्री को कम से कम चार डिवाइस पर सिंक कर सकेंगे।
वाबेटाइंफो वेबसाइट के अनुसार, यह मैसेजिंग एप एक ही अकाउंट को कई डिवाइसों पर चलाए जाने की संभावना पर काम कर रहा है। एक समय में एक साथ चार डिवाइस पर एक ही अकाउंट को चलाए जाने को लेकर परीक्षण किया जा रहा है।
यह प्लेटफार्म एंड्रायड के साथ ही आइओएस के लिए एक इंटरफेस बनाने पर भी काम कर रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है, “जब यूजर किसी दूसरे मोबाइल फोन पर वाट्सएप का इस्तेमाल करना चाहता है तो इसके लिए चैट हिस्ट्री को कॉपी करने की जरूरत पड़ती है।
इस स्थिति में हमेशा वाई-फाई कनेक्शन की जरूरत पड़ती है, क्योंकि इस काम में ज्यादा डाटा खर्च होने की संभावना रहती है।” फिलहाल वाट्सएप का उपयोग एक डिवाइस और कंप्यूटर पर साथ-साथ किया जा सकता है।
कई डिवाइसों पर अभी इसका उपयोग संभव नहीं है। यूजर्स लंबे समय से इस फीचर की मांग कर रहे हैं।

