katniLatestमध्यप्रदेश

VIDEO बड़वारा के पास सड़क किनारे तड़पता रहा घायल तेंदुआ, कोई नहीं आया तो जागरूक युवकों को कलेक्टर को देनी पड़ी खबर

कटनी जिले से सटे वन क्षेत्र बड़वारा में आज रात एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया, जहां सड़क किनारे एक घायल तेंदुआ करीब एक घंटे तक तड़पता हुआ पड़ा रहा, लेकिन समय पर न तो वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और न ही स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाई। बाद में नवपरिवर्तन प्रकाश फाउंडेशन के शिवम मिश्रा, आशुतोष विश्वकर्मा, प्रशांत सेन ने कलेक्टर से बात की तब वन विभाग हरकत में आया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़वारा क्षेत्र की सड़क पर अचानक एक तेंदुआ घायल अवस्था में दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि वह सड़क पार करते समय किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया होगा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन अधिकांश लोग मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त रहे।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बड़वारा थाने में सूचना दी, लेकिन आरोप है कि वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और न ही पुलिस टीम समय पर घटनास्थल पर पहुंची। वहीं, वन विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विभाग का कोई अधिकारी या टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी।

घायल तेंदुआ सड़क किनारे पड़ा तड़पता रहा, जिससे उसकी हालत और बिगड़ती गई। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी स्थिति में तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल जानवर को उपचार के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाना अत्यंत आवश्यक होता है, लेकिन यहां जिम्मेदार विभागों की सुस्ती साफ तौर पर नजर आई।
इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर ऐसी घटनाएं इन दावों की पोल खोलती नजर आती हैं। फिलहाल स्थानीय लोग वन विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं घायल तेंदुए की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम