Site icon Yashbharat.com

VIDEO गंगा नदी में भरभरा कर गिरा नीतीश सरकार का 17 सौ करोड़ से बन रहा ब्रिज

pull

खगड़िया -अगुवानी- सुल्तानगंज के बीच बन रहे पुल के टूटने का वीडियो सामने आया है. देखते ही देखते पूरा पुल गंगा नदी में समा गया. हैरानी की बात ये है कि 2 साल पहले भी इस पुल का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया था. 4 साल पहले सीएम नीतीश कुमार ने इस पुल का शिलान्यास किया था.

बताया जा रहा है कि ये पुल 1717 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा था. इस निर्माणाधीन पुल के कुछ हिस्से को अप्रैल में आंधी के कारण भी नुकसान पहुंचा था. खगड़िया -अगुवानी- सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर बन रहा महासेतु का बीच का हिस्सा ध्वस्त हो गया. पुल का उपरी भाग नदी में समा गया है.

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि निर्माणाधीन पुल का सुपर स्ट्रक्चर गिरा है. हालांकि अभी तक पुल गिरने की वजह साफ नहीं हो पाई है. बताया जा रहा है कि पुल के तीन पाए के ऊपर बना स्ट्रक्चर भरभराकर गिर गया. भागलपुर के सुल्तानगंज में बन रहा यह सेतु खगड़िया और भागलपुर को आपस में जोड़ेगा.

रविवार को निर्माणाधीन पुल भरभराकर गिर गया. इस हादसे का खौफनाक वीडियो सामने आया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन पुल गिरने से मौके पर अफरातफरी मच गई.

जेडीयू के विधायक ललित मंडल ने कहा कि ये घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. हम लोग उम्मीद लगा रहे थे कि इस साल नवंबर-दिसंबर में इस पुल का उद्घाटन हो जाएगा, लेकिन इस तरह के हादसे हो रहे हैं ये जांच का विषय है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि जबतक इसकी इन्क्वारी नहीं हो जाती, तब तक कुछ भी कहना मुश्किल है.

Exit mobile version