मुजफ्फरनगर में सनातन धर्म डिग्री कॉलेज की 22.7 एकड़ जमीन पर निजी शिक्षण संस्थाओं का निर्माण करने और विद्यालय की जमीन पर एसडी मार्केट का निर्माण किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़ी कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने इस मामले में निर्णय के लिए लखनऊ के लोक भवन के चतुर्थ तल के कक्ष नंबर पांच में शुक्रवार यानि आज दिन में दो बजे बैठक बुलाई है। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी बुलाए गए हैं।
सीएम ने इस मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब की। बाद में यह पाया गया कि तमाम जांच पहले ही हो चुकी है, अब जांच की आवश्यकता नहीं है, केवल कार्रवाई की जाए। शुक्रवार को होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री ने सचिव उच्च शिक्षा आर रमेश कुमार, विशेष सचिव उच्च शिक्षा मनोज कुमार, अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा कृष्णचंद्र, आर्थिक अपराध शाखा के विशेष सचिव, मुख्यमंत्री के तीन सचिव और सचिव बोर्ड ऑफ रैवेन्यू मौजूद रहेंगे। इसी के साथ शिकायकर्ता को भी बैठक में बुलाया गया है।
