लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ संकल्प के साथ जबलपुर में निकली ढाई किलोमीटर लंबी पदयात्रा,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने किया संबोधित, एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता का दाव
जबलपुर, 2 नवंबर। लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ संकल्प के साथ सोमवार को जबलपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। शहीद स्मारक गोल बाजार से प्रारंभ हुई ढाई किलोमीटर से अधिक लंबी इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल शामिल हुए। भाजपा ने पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता का दावा किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की नहीं हुई, वह किसी की सगी नहीं हो सकती। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था। उन्होंने कहा कि न्याय की बात करने वाले कांग्रेस नेता न्यायालय के फैसलों का भी सम्मान नहीं करते। देश और प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस सत्ता संभालने की स्थिति में नहीं बची है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग तो कभी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाती है। उन्होंने दावा किया कि देश के बड़े हिस्से में कांग्रेस का राजनीतिक प्रभाव समाप्त हो चुका है और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का देशभर से सफाया हो जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि एसआईआर का विरोध करने वाली कांग्रेस को यह याद रखना चाहिए कि उसके शासनकाल में भी कई बार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण हुआ है। उन्होंने राहुल गांधी पर चुनावी पराजय के बाद संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर राजनीतिक विफलता छिपाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतों से धन लेकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश करने वालों को बेनकाब करना आवश्यक है। लोकतंत्र की रक्षा केवल किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। लोकतंत्र में अपनी बात रखने के लिए न्यायालय और संवैधानिक प्रक्रियाओं का सहारा लेना चाहिए, न कि संस्थाओं को धमकाने वाली भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने जनता से लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आगे आने का आह्वान किया।
80 स्वागत मंचों से हुआ पदयात्रा का स्वागत
पदयात्रा शहीद स्मारक गोल बाजार से प्रारंभ होकर श्याम टॉकीज, सुपर मार्केट, लार्डगंज चौक, धमण्डी चौक, बड़ा फुहारा, खजांची चौक, अंधेरदेव, तुलाराम चौक, करमचंद चौक, बगलामुखी मंदिर और मालवीय चौक होते हुए पुनः गोल बाजार पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में करीब 80 स्वागत मंच बनाए गए थे। विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, खेल संगठनों और समाजों के प्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया। इसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ता, व्यापारी, महिलाएं और युवा तिरंगा लेकर शामिल हुए।
पदयात्रा में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, संपतिया उइके, सांसद आशीष दुबे, सुमित्रा वाल्मीकि, फग्गन सिंह कुलस्ते, जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।











