गंजेपन से परेशान लश्कर आतंकी ने श्रीनगर में कराया हेयर ट्रांसप्लांट, पाकिस्तानी आतंकी उस्मान जट्ट गिरफ्तार
श्रीनगर / नई दिल्ली: गंजेपन से परेशान लश्कर आतंकी ने श्रीनगर में कराया हेयर ट्रांसप्लांट, पाकिस्तानी आतंकी उस्मान जट्ट गिरफ्तार। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियान के बीच एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया है। पाकिस्तान से भारत में तबाही मचाने और स्लीपर सेल नेटवर्क खड़ा करने आए लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक प्रशिक्षित पाकिस्तानी आतंकी ने घाटी में ऑपरेशन के बीच अपना एक अनोखा ‘निजी शौक’ पूरा किया। बाल झड़ने की समस्या से परेशान इस आतंकी ने सुरक्षा एजेंसियों की नाक के नीचे श्रीनगर के एक नामी क्लिनिक में बाकायदा हेयर ट्रांसप्लांट कराया।
भिंड: लहचूरा पंचायत में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र घोटाला; सचिव निलंबित, FIR के निर्देश
गंजेपन से परेशान लश्कर आतंकी ने श्रीनगर में कराया हेयर ट्रांसप्लांट, पाकिस्तानी आतंकी उस्मान जट्ट गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की पूछताछ में गिरफ्तार आतंकी ने कई ऐसे चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसे नजर आते हैं।
कौन है यह आतंकी?
सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़े इस पाकिस्तानी आतंकी का नाम मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ ‘चीनी’ है, जो पाकिस्तान के लाहौर का रहने वाला है। उस्मान को पिछले महीने श्रीनगर पुलिस ने लश्कर के सबसे लंबे समय तक सक्रिय रहे खूंखार आतंकी अब्दुल्ला उर्फ ‘अबू हुरैरा’ के साथ गिरफ्तार किया था। मामले की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय कड़ियों को देखते हुए अब इसकी जांच NIA कर रही है।
कश्मीर की हकीकत देख बदला मन
NIA की पूछताछ में उस्मान जट्ट ने दावा किया कि पाकिस्तान के आतंकी ट्रेनिंग कैंपों में उसे कश्मीर को लेकर जो सिखाया और दिखाया गया था, यहाँ की जमीनी हकीकत उससे बिल्कुल अलग थी। उत्तरी कश्मीर के रास्ते भारत में घुसपैठ करने वाले उस्मान ने जब घाटी में सामान्य जनजीवन और शांति देखी, तो उसका मन बदलने लगा और उसने आतंकी गतिविधियों से दूरी बनाने का मन बना लिया।
गंजेपन ने घटाया कॉन्फिडेंस, दुकानदार ने की मदद
आतंकी ने बताया कि वह काफी समय से गंभीर रूप से बाल झड़ने (गंजेपन) की समस्या से जूझ रहा था, जिससे उसका आत्मविश्वास टूट चुका था। श्रीनगर के ऊपरी इलाकों में छिपने के दौरान, आतंकियों के ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) नेटवर्क के जरिए उसकी मुलाकात शहर के एक स्थानीय दुकानदार से हुई।
चूंकि उस दुकानदार ने खुद हेयर ट्रांसप्लांट कराया था, उस्मान ने उससे मदद मांगी। इसके बाद दुकानदार की मदद से श्रीनगर के ही एक क्लिनिक में आतंकी का हेयर ट्रांसप्लांट कराया गया, जहाँ प्रक्रिया के दौरान वह कई रातें भी रुका।
फर्जी आधार कार्ड और ‘उमर खरगोश’ जैसा भागने का प्लान
हेयर ट्रांसप्लांट कराने के बाद उस्मान जट्ट अपना हुलिया बदलकर भारत से भागने की फिराक में था। वह श्रीनगर से जम्मू और फिर स्लीपर बस के जरिए पंजाब के मालेरकोटला पहुंच गया। पंजाब में रहते हुए वह अंग्रेजी सीखने की कोशिश कर रहा था और तुर्की ड्रामा देखता था।
उसका प्लान फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बाद में फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने का था। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह ‘उमर उर्फ खरगोश’ नाम के एक अन्य पाकिस्तानी आतंकी के नक्शेकदम पर चल रहा था। उमर साल 2012 में भारत घुसा था और 2024 में जयपुर से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर इंडोनेशिया और खाड़ी देश भागने में सफल रहा था।
OGW नेटवर्क का बड़ा भंडाफोड़
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, उस्मान जट्ट की गिरफ्तारी और उसके बयानों से श्रीनगर और उत्तरी कश्मीर में सक्रिय लश्कर के मददगारों (OGW) के एक बहुत बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। उसकी निशानदेही पर कई संदिग्ध ठिकानों और मददगारों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
एजेंसियां अब इस बात की भी गहन जांच कर रही हैं कि जिस क्लिनिक में इस आतंकी का ट्रांसप्लांट हुआ, क्या उन्हें इसके आतंकी होने की भनक थी या नहीं।

