सालनाखेड़ी में अवैध शराब की कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम पर हमला, छतों से पथराव; पिता-पुत्र गिरफ्तार
माकड़ोन थाना क्षेत्र के ग्राम सालनाखेड़ी में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले में टीम को संभलने का मौका भी नहीं मिला और छतों से पथराव शुरू हो गया। इस दौरान महिलाओं के भी शामिल होने की बात सामने आई है। पथराव और मारपीट में महिला उपनिरीक्षक समेत आबकारी के छह कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनमें तीन को गंभीर चोटें आई हैं।
कैसे शुरू हुआ विवाद और क्या-क्या लूटा?
कच्ची शराब के पाउच के साथ पकड़ा गया युवक: गुरुवार को आबकारी वृत्त तराना की उपनिरीक्षक रानी सिंह टीम के साथ गश्त कर रही थीं। सूचना मिलने पर टीम सालनाखेड़ी में जगदीश चौहान के घर के सामने पहुंची, जहां झोले में हाथ भट्टी की कच्ची शराब के पाउच मिले।
आवाज देकर बुलाए साथी और छतों से पथराव: शराब जब्त करने की कार्रवाई के बीच जगदीश ने परिवार और अन्य साथियों को बुला लिया। आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी और छतों से पत्थर बरसाए गए, जिससे छह कर्मचारी घायल हो गए।
तोड़फोड़ व सामान छीनने का आरोप: आरोपितों ने वाहनों में तोड़फोड़ करने के साथ जब्त शराब, नकदी, पर्स और शासकीय पहचान पत्र भी छीन लिए। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा डाली गई।
पिता-पुत्र गिरफ्तार, अन्य आरोपितों की तलाश
उपनिरीक्षक रानी सिंह की शिकायत के आधार पर माकड़ोन पुलिस ने मामला दर्ज कर जगदीश पुत्र रतनलाल चौहान (43) और उसके बेटे कुलदीप चौहान (19), दोनों निवासी ग्राम सालनाखेड़ी, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, जबकि अन्य शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।













