बरही अग्निकांड के बाद प्रशासनिक फेरबदल, अब बहोरीबंद तहसील के बाकल वृत्त की मिली जिम्मेदारी
कटनी(YASHBHARAT.COM)। बरही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल सामने आया है। बरही तहसीलदार आदित्य प्रकाश द्विवेदी को उनके वर्तमान दायित्व से हटाकर बहोरीबंद तहसील के बाकल वृत्त में पदस्थ किया गया है। वहीं आकाश नीरज को बरही का नया तहसीलदार बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार बरही में हुए अग्निकांड को लेकर प्रशासनिक जवाबदेही तय करने का मुद्दा लगातार उठ रहा था। इसी क्रम में गुरुवार को आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक में सांसद बी.डी. शर्मा ने अग्निकांड के मामले को गंभीरता से उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए थे। वहीं अग्नि कांड के बाद विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने भी कलेक्टर से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का अनुरोध किया था। बैठक में अग्निकांड से जुड़े प्रशासनिक पहलुओं और जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा के बाद अगले ही दिन तहसीलदार के स्थानांतरण का आदेश सामने आया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के आदेशानुसार आदित्य प्रकाश द्विवेदी को बरही से हटाकर बाकल वृत्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है तथा आकाश नीरज को बरही तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
बरही अग्निकांड के बाद हुए इस प्रशासनिक बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ट्रांसफर की खबर आने के बाद मीडिया के एक वर्ग में इसे अग्निकांड की घटना से जोड़ कर देखा जा रहा है। अब मजिस्ट्रेट जांच की रिपोर्ट आने के बाद किस किस पर कार्यवाही की तलवार गिरती है ये देखना होगा। हालांकि स्थानांतरण आदेश में अग्निकांड को कार्रवाई का आधिकारिक कारण बताया गया है या नहीं, यह आदेश की प्रति से स्पष्ट होगा। अब देखना होगा कि नए तहसीलदार के पदभार संभालने के बाद बरही में प्रशासनिक व्यवस्थाओं में क्या बदलाव देखने को मिलते हैं।











