शिवपुरी/करैरा। टीला रोड हादसा: थार की टक्कर में 5 घायल, विधायक पुत्र ने कहा– “सायरन बजा रहा था, लोग नहीं हटे”।करैरा थाना क्षेत्र के टीला रोड पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें पिछोर से भाजपा विधायक Pritam Singh Lodhi के बेटे दिनेश लोधी की थार गाड़ी से कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
टीला रोड हादसा: थार की टक्कर में 5 घायल, विधायक पुत्र ने कहा– “सायरन बजा रहा था, लोग नहीं हटे”
जानकारी के अनुसार, दिनेश लोधी सुबह करीब 8 बजे जिम जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पहले एक बाइक से टकरा गई, जिस पर तीन युवक सवार थे। इसके बाद सड़क किनारे पैदल चल रही एक महिला और दो युवतियां भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गईं।
घायलों की पहचान संजय परिहार, आशीष परिहार, अंशुल परिहार, सीता वर्मा और पूजा सोनी के रूप में हुई है। सभी को उपचार के लिए करैरा अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दिनेश लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो और बयान
हादसे के बाद दिनेश लोधी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह दावा कर रहे हैं कि वह लगातार सायरन और हॉर्न बजा रहे थे, लेकिन बाइक सवार वाहन लहरा रहे थे, जिसके कारण हादसा हुआ।
वहीं कुछ स्थानीय लोग मौके पर सवाल उठाते नजर आए कि अगर वाहन नियंत्रित था तो राहगीरों से टक्कर कैसे हुई।
विधायक का बयान
विधायक Pritam Singh Lodhi ने कहा कि यदि उनके बेटे की गलती साबित होती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि “विधायक के लिए पुत्र परिवार बड़ा नहीं होता, जनता सर्वोपरि है।”

