भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम आज से 31 अक्टूबर तक अपने विधानसभा क्षेत्र में आठ दिवसीय साइकिल यात्रा करने वाले थे।
अब खबर आई है कि जिस साइकिल से वे यात्रा करने वाले थे वह कल रात ही चोरी हो गई। बीजेपी के दिग्गज नेता की साइकिल चोरी होने की खबर से हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि गिरीश गौतम ने यह विशेष साइकिल 32 हजार रुपए में खरीदी थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम बीते कई दिनों से भोपाल स्थित अपने आवास पर साइकिल यात्रा के लिए प्रैक्टिस कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि कल रात उनकी साइकिल भोपाल से रीवा के लिए ट्रेन से भेजी गई थी। हालांकि, सुबह वह रीवा नहीं पहुंच सकी।
इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक रूप से शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष ने इस घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए रेलवे अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है।

