पांचवें अंतर्राष्ट्रीय सिंधी सम्मेलन में गूंजी कटनी की आवाज, 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने किया समाज का प्रतिनिधित्व
पांचवें अंतर्राष्ट्रीय सिंधी सम्मेलन में गूंजी कटनी की आवाज, 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने किया समाज का प्रतिनिधित्
कटनी। हाउसिंग बोर्ड वैदिक कॉलोनी पूज्य सिंधी पंचायत, कटनी के तत्वावधान में पांचवें अंतर्राष्ट्रीय सिंधी सम्मेलन, उदयपुर में कटनी जिले के 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर समाज की एकता, संस्कृति और सामाजिक उत्थान का संदेश दिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष नंदलाल टहलरामानी ने किया।
सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों से आए सिंधी समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। इस दौरान समाज के विकास, युवा पीढ़ी को सिंधी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने, शिक्षा, सेवा तथा सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कटनी से पहुंचे प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए समाज के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक एकता पर जोर दिया।
सम्मेलन के उपरांत कटनी का प्रतिनिधिमंडल विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल माउंट आबू भी पहुंचा, जहां संत-महात्माओं के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतिनिधियों ने समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की।
प्रतिनिधिमंडल में लोकचंद बुधवानी (मास्टर साहब), अशोक पुरुस्वानी, राजकुमार चुघ, प्रकाश वाधवानी, रामचंद्र मूलवानी, सचचानंद झामनानी, वीरेंद्र जी, संतोष वाधवानी, मनोहरलाल पोपटानी, दयालदास, रामचंद्र कटारिया, बीकचंद थारवानी, रामचंद्र आहुजा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं समाज के अन्य गणमान्य सदस्य शामिल रहे।
पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष नंदलाल टहलरामानी ने बताया कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन समाज को एकजुट करने, सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि कटनी का प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता कर जिले का गौरव बढ़ाने में सफल रहा।
कटनी से बड़ी संख्या में समाजजनों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि सिंधी समाज अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के साथ-साथ समाजहित एवं राष्ट्रीय विकास के प्रति भी पूरी तरह समर्पित है। सम्मेलन में कटनी के प्रतिनिधिमंडल की सक्रिय उपस्थिति की सभी ने सराहना की।








