अवैध शराब के खिलाफ निवार पुलिस की बड़ी कार्रवाई,30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, करीब दो क्विंटल महुआ लाहन मौके पर नष्ट

अवैध शराब के खिलाफ निवार पुलिस की बड़ी कार्रवाई,30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, करीब दो क्विंटल महुआ लाहन मौके पर नष्ट
कटनी। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निवार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब दो क्विंटल महुआ लाहन भी मौके पर नष्ट कराया। कार्रवाई के बाद अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (एजेके) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शीलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में निवार चौकी पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 11 सितंबर को निवार पुलिस ने ग्राम बिचपुरा, टेढ़ी, सुनहरा और मनिहरा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार टेढ़ी निवासी कौशल लूनिया (58) तथा कल्लू लूनिया (55) के ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान कुल 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग होने वाला करीब दो क्विंटल महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से नशे से दूर रहने तथा अवैध शराब अथवा मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक अंकित दुबे, आरक्षक बकील यादव, अरविंद दुबे सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








