माटी के गणेश बनाने की कार्यशाला आयोजित, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

माटी के गणेश बनाने की कार्यशाला आयोजित, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदे
विजयराघवगढ़। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केसवाल के निर्देशानुसार एवं ब्लॉक समन्वयक आरती गुप्ता के मार्गदर्शन में शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को जनपद सभाकक्ष, विजयराघवगढ़ में “माटी गणेश–सिद्ध गणेश प्रशिक्षण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण के लिए प्रेरित करना तथा धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था से देवनारायण शर्मा, अवधेश शर्मा, शारदा प्रसाद साहू, परामर्शदाता फग्गूलाल यादव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के लाला राम कोरी, राजेंद्र लोधी, छवि ताम्रकार, नवांकुर सखी विनोद कुमार सहित सरस्वती स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयराघवगढ़ की छात्राएं तथा शिक्षक अरुण जी एवं विजय दुबे उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों, नवांकुर सखियों एवं समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक मिट्टी से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया। प्रतिभागियों को मिट्टी की प्रतिमा के धार्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व के साथ-साथ प्रतिमा के पर्यावरण हितैषी विसर्जन की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गणेश उत्सव हमारी आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। यदि इस आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाए तो इसका संदेश समाज में और भी प्रभावी रूप से पहुंच सकता है। माटी के गणेश अपनाकर हम अपनी परंपरा को जीवित रखने के साथ जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने में भी योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने का आह्वान किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और माटी के गणेश निर्माण को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।








